Homeखटाखट स्टोरीRajasthan Crime : एक घर, चार लाशें और रात डेढ़ बजे की...

Rajasthan Crime : एक घर, चार लाशें और रात डेढ़ बजे की आखिरी बातचीत… जयपुर के हत्याकांड ने खड़े किए कई सवाल

Rajasthan Crime आपणी हथाई न्यूज,करधनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। घर के भीतर गीता देवी (40) और उनकी तीन बेटियों नंदिनी (22), राधिका (17) तथा गिरिशा उर्फ गोरी (14) के शव अलग-अलग कमरों में खून से लथपथ हालत में मिले। शुरुआती पुलिस जांच में हत्या के पीछे परिवार के मुखिया और गीता देवी के पति राहुल कुमार झा (45) की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस के अनुसार, वारदात में सीमेंट की मोटी ईंट से सिर पर वार किए जाने की आशंका है।

घटना का पता उस समय चला जब राहुल के पिता लक्ष्मीनाथ झा ने सुबह करीब नौ बजे तक बहू और पोतियों को कमरे से बाहर नहीं आते देखा। उन्होंने घर के भीतर जाकर देखा तो अलग-अलग कमरों में चारों के शव पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल की परिस्थितियों और मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है।

पति-पत्नी के कमरे में मिले संघर्ष के संकेत

पुलिस की प्रारंभिक जांच में दूसरी मंजिल पर बने पति-पत्नी के कमरे में संघर्ष के निशान मिलने की जानकारी सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि सबसे पहले राहुल और गीता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा और इसी दौरान गीता पर हमला किया गया। इसके बाद घर में सो रही तीनों बेटियों को भी निशाना बनाए जाने की आशंका है। हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और अंतिम स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

जांच में यह तथ्य भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि गीता देवी के गुजरात में रहने वाले पीहर पक्ष से रात करीब 1:30 बजे मोबाइल पर बातचीत हुई थी। इसके बाद घर में क्या घटनाक्रम हुआ, पुलिस इस समयावधि को विशेष रूप से जांच के दायरे में रख रही है।

सामने के निर्माणाधीन भूखंड से लाई गई थीं ईंटें

पुलिस के अनुसार, घर के सामने स्थित भूखंड पर निर्माण कार्य चल रहा था और वहां सीमेंट की मोटी ईंटें रखी हुई थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राहुल वहां से दो ईंटें घर के अंदर लेकर आया था। पुलिस को आशंका है कि इन्हीं ईंटों से वार कर हत्या की गई। हालांकि वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटनाक्रम को लेकर पुलिस साक्ष्यों की जांच कर रही है।

वारदात के बाद राहुल द्वारा कपड़े बदलने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब सात बजे उसने दूधवाले से दूध लिया और अपने पिता लक्ष्मीनाथ झा के लिए चाय भी बनाई। इसके बाद वह अपना मोबाइल घर में ही छोड़कर वहां से निकल गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

शेयर बाजार में नुकसान और गृह क्लेश की आशंका

प्रारंभिक पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को परिवार में लंबे समय से चल रहे विवाद तथा शेयर बाजार में हुए कथित भारी आर्थिक नुकसान से जुड़े संकेत मिले हैं। फिलहाल पुलिस इन दोनों पहलुओं को हत्या के संभावित कारणों के तौर पर जांच रही है। किसी एक कारण को अंतिम वजह मानने से पहले पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल संबंधी जानकारी और परिजनों व आसपास के लोगों के बयानों का मिलान कर रही है।

ब्यूटी पार्लर चलाती थी गीता, बेटियां भी पढ़ाई में थीं

गीता देवी घर पर ही ब्यूटी पार्लर चलाती थीं। उनकी बड़ी बेटी नंदिनी (22) निजी रूप से बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और मां के काम में भी सहयोग करती थी। दूसरी बेटी राधिका (17) कक्षा 12वीं की छात्रा थी, जबकि सबसे छोटी बेटी गिरिशा उर्फ गोरी (14) कक्षा आठवीं में पढ़ रही थी।

एक ही परिवार की मां और तीन बेटियों की मौत से करधनी क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस अब घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, परिवार के सदस्यों से पूछताछ और राहुल कुमार झा की तलाश के जरिए इस चार हत्याकांड की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।



ताजा खबर