Homeक्राइमBikaner Crime : तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर बुजुर्ग महिला से सोने की...

Bikaner Crime : तंत्र-मंत्र का डर दिखाकर बुजुर्ग महिला से सोने की चेन ले उड़े दो युवक, CCTV में कैद हुई वारदात

Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला को तंत्र-मंत्र और ज्योतिष से जुड़ी बातें बताकर सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है। सीताराम गेट के सामने हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस दोनों संदिग्ध युवकों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार जस्सूसर गेट बाहर निवासी पार्वती स्वामी विश्वकर्मा गेट के सामने स्थित रामदेव मंदिर के दर्शन कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पारीक अस्पताल के सामने दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों युवकों ने खुद को हरिद्वार का पंडित बताते हुए महिला से ज्योतिष और तंत्र-मंत्र से जुड़ी बातें शुरू कर दीं। बातचीत के दौरान युवकों ने महिला से कहा कि उनका समय खराब चल रहा है और आज उनके छोटे बेटे की मौत हो सकती है।

घटना का वीडियो देखें

क्या बोली बुजुर्ग महिला देखें वीडियो

बताया गया कि युवकों ने महिला से पीछे की ओर जाकर 11 पत्थर लाने को कहा। महिला उनके कहे अनुसार पत्थर लेकर वापस लौटी। इसके बाद एक युवक ने उन्हें आंखें बंद कर ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप करने को कहा। महिला के जाप करने के दौरान युवकों ने उनसे गले में पहनी सोने की चेन उतारकर देने को कहा। महिला ने उनकी बात मानते हुए चेन उतारकर दे दी। इसके बाद एक युवक चेन लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद महिला ने परिजनों को जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और आसपास तलाश की, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर नयाशहर थाने के एसआई हंसराज और कांस्टेबल मनोज मौके पर पहुंचे तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान और तलाश में जुटी है।

परिजनों ने बताया कि महिला का कहना है कि युवकों ने उसे इस तरह प्रभावित किया कि वह उनकी बातों में आती चली गई। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तथ्यों के आधार पर पूरी घटना की पड़ताल की जा रही है।

 



ताजा खबर