

आपणी हथाई न्यूज, शुक्रवार की सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से गोवा के बड़े कैसिनो कारोबार समुंदर सिंह राठौड़ (नौसर)के जोधपुर स्थित भगत की कोठी विस्तार योजना में आलीशान घर सहित तीन ठिकानों पर टीमों द्वारा छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। ईडी की टीमें मैजेस्टिक प्राइड समूह की व्यवसायिक गतिविधियों और संदिग्ध लेनदेन की जांच में जुटी है।
ईडी ने शुक्रवार को अवैध ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी से जुड़े एक बड़े मामले में देशभर में छापेमारी अभियान चलाया है। इसी मामलें में ईडी ने कर्नाटक के चित्रदुर्ग विधायक के.सी. वीरेंद्र और अन्य के मामले में की गई। इस कार्रवाई में गोवा के प्रसिद्ध कैसीनो कारोबारी समुंदर सिंह राठौड़ के ठिकानों पर भी तलाशी ली गई है।
ईडी बेंगलुरु जोनल कार्यालय द्वारा संचालित इस अभियान में देशभर में कुल 30 ठिकानों पर छानबीन की जा रही है। इनमें जोधपुर में 3 जगहों के साथ ही चित्रदुर्ग जिले में 6, बेंगलुरु शहर में 10, हुबली में 1, मुंबई में 2 और गोवा में 8 जगहों, जिनमें 5 कैसीनो शामिल पर भी कार्रवाई की गईम
राठौड़ गोवा में मैजेस्टिक प्राइड कैसीनो के नाम से बड़ा कैसीनो कारोबार संचालित करते हैं। यह गोवा का सबसे बड़ा ऑफ-शोर कैसीनो बताया जाता है। इसके अलावा राठौड़ कई कंपनियों के निदेशक हैं, जिनमें होटल्स, इंफ्रावेंचर, सोलर एनर्जी कंपनियां भी शामिल हैं।
इस मामले में मुख्य आरोपी कर्नाटक के चित्रदुर्ग विधायक के.सी. वीरेंद्र (उपनाम पपी) को बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ किंग 567, राजा 567, रत्ना गेमिंग जैसी कई ऑनलाइन सट्टेबाजी साइटों के संचालन, अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क चलाने और मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने के आरोप हैं।
चित्रदुर्ग के चल्लकेरे शहर में वीरेंद्र और उनके बड़े भाइयों के.सी. नागराज और के.सी. टिप्पेस्वामी के निवास स्थानों पर ईडी द्वारा तलाशी ली गई है। के.सी. वीरेंद्र का भाई के.सी. थिप्पेस्वामी दुबई से तीन व्यावसायिक संस्थाओं का संचालन कर रहा है। डायमंड सॉफ्टेक, टीआरएस टेक्नोलॉजी, प्राइम 9 टेक्नोलॉजी, जो के.सी. वीरेंद्र की कॉल सेंटर सेवाओं और गेमिंग व्यवसाय से संबंधित हैं।
कौन है समुंदर सिंह राठौड़
समुंदर सिंह राठौड़ के जीवन की बात करें तो राठौड़ सामान्य पृष्ठभूमि से आते है ।बाड़मेर के नौसर गांव के गरीब परिवार में जन्मे राठौड़ नौकरी की तलाश में हुबली पहुंचे। जहां दुकान पर काम करते हुए उनका झुकाव कैसीनो व्यवसाय की ओर हुआ। इसके बाद कुछ ही साल में उन्होंने अकूत संपत्ति अर्जित कर ली। राठौड़ ने अपनी बेटी की शादी को लेकर भी खूब सुर्खियां बटोरी। रेगिस्तान में 600 लग्जरी टेंट लगाकर भव्य समारोह आयोजित किया गया था। इस विवाह समारोह में कई बड़े राजनेता, करोबारी और अधिकारी भी शामिल हुए थे। ईडी अब राठौड़ के कारोबारी नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।


