

आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को मौसम ने बड़ी राहत दी है। प्रदेश में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर, सीकर और झुंझुनूं जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस सिस्टम का असर 6 जून तक बना रह सकता है, जिसके चलते जयपुर, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में भी तेज अंधड़ के साथ बारिश का दौर देखने को मिलेगा।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। जयपुर, उदयपुर और अलवर सहित कई शहरों में तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री तक नीचे पहुंच गया है। वहीं बीकानेर और श्रीगंगानगर जैसे गर्म जिलों में भी पारा 41 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है। बीते 24 घंटे में अलवर, फलोदी, दौसा, बूंदी, बारां और धौलपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग ने राहत के साथ सतर्कता बरतने की भी अपील की है। विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में कई इलाकों में तेज धूलभरी आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार 3 और 4 जून को पश्चिमी विक्षोभ का असर सबसे ज्यादा रहेगा, जबकि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में रुक-रुक कर आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है।
बीकानेर की बात करें तो आने वाले दिनों में यहां मौसम सुहावना बने रहने की संभावना है। तेज धूलभरी हवाओं के साथ हल्की बारिश और बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बीकानेर में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि हीटवेव से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि आंधी के दौरान विजिबिलिटी कम होने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।


