Homeखटाखट स्टोरीBollywood : रामानंद सागर के पोते बदलेंगे भारतीय सिनेमा का इतिहास !...

Bollywood : रामानंद सागर के पोते बदलेंगे भारतीय सिनेमा का इतिहास ! 7 भागों में होगी श्रीमद्भागवतम मूवी

Bollywoodआपणी हथाई न्यूज, धार्मिक और पौराणिक कथाओं को नए युग की तकनीक के साथ बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी शुरू हो गई है। ‘रामायण’ के निर्माता-निर्देशक रामानंद सागर की विरासत को आगे बढ़ाते हुए उनके पोते आकाश सागर और अमृत सागर ने सात भागों में बनने वाली भव्य फिल्म श्रृंखला ‘श्रीमद्भागवतम’ की घोषणा की है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सागर पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का ऐलान किया। फिल्म का उद्देश्य श्रीमद्भागवतम की दिव्य कथाओं को आधुनिक तकनीक, भव्य दृश्यांकन और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रस्तुति के साथ दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाना है। इस परियोजना के शोध मार्गदर्शक पद्म भूषण सम्मानित आध्यात्मिक गुरु श्री एम हैं, जबकि ‘रामायण’ धारावाहिक के सह-निर्देशक मोती सागर इसकी मेंटरशिप कर रहे हैं।

निर्माताओं के अनुसार यह फिल्म श्रृंखला भगवान श्रीकृष्ण के बाल और किशोर जीवन से लेकर महाविष्णु के विभिन्न अवतारों, समुद्र मंथन, सूर्यवंश और चंद्रवंश की स्थापना जैसी अनेक पौराणिक घटनाओं को भव्य रूप में प्रस्तुत करेगी। इसके अलावा ध्रुव, भरत, पृथु और कपिल जैसे महान भक्तों एवं अवतारों की प्रेरणादायक गाथाएं भी पहली बार इतने विशाल स्तर पर सिनेमाई रूप में दिखाई जाएंगी। हर भाग की अलग दृश्य शैली होगी, जिससे दर्शकों को एक नया अनुभव मिलेगा।

इस मेगा प्रोजेक्ट की पहली फिल्म की शूटिंग हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में शुरू हो चुकी है। निर्माण टीम ने फिल्म को वैश्विक स्तर का स्वरूप देने के लिए हॉलीवुड के अनुभवी तकनीकी विशेषज्ञों को भी जोड़ा है। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी जोएल शेफ़र निभा रहे हैं, जबकि विजुअल इफेक्ट्स से जुड़े अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ क्लाइड एडवर्ड्स एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के रूप में काम कर रहे हैं। अब मेकर्स जल्द ही फिल्म के पहले भाग की स्टारकास्ट और रिलीज़ से जुड़ी अन्य अहम जानकारियों का खुलासा करेंगे।



ताजा खबर