

Bollywood आपणी हथाई न्यूज, अगस्त का पहला सप्ताह फिल्म प्रेमियों के लिए खास रहने वाला है। 7 अगस्त को एक साथ कई नई फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही हैं। दक्षिण भारतीय सिनेमा, बॉलीवुड और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की इन फिल्मों में बायोपिक, रोमांस, एक्शन, कॉमेडी और ड्रामा जैसे अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे। ऐसे में दर्शकों के पास अपनी पसंद के मुताबिक फिल्म चुनने के कई विकल्प होंगे।
‘जी.डी. नायडू’ में आर माधवन का दमदार अंदाज
आर माधवन स्टारर ‘जी.डी. नायडू’ देश के चर्चित वैज्ञानिक और आविष्कारक जी.डी. नायडू की जिंदगी पर आधारित बायोपिक है। फिल्म में माधवन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि प्रियामणि, जयराम और सत्यराज भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन कृष्णकुमार रामकुमार ने किया है। पहले यह फिल्म 17 जुलाई को रिलीज होनी थी, लेकिन अब इसकी रिलीज तारीख 7 अगस्त तय की गई है।
लोकेश कनगराज और वामिका गब्बी की ‘डीसी’
तमिल सिनेमा की रोमांटिक-एक्शन फिल्म ‘डीसी’ भी इसी दिन बड़े पर्दे पर आएगी। फिल्म में लोकेश कनगराज और वामिका गब्बी मुख्य भूमिकाओं में हैं। निर्देशन की जिम्मेदारी अरुण मथेश्वरन ने संभाली है, जबकि फिल्म का संगीत अनिरुद्ध ने तैयार किया है। वामिका गब्बी को इससे पहले ‘पति पत्नी और वो 2’ में देखा गया था।
कुत्ते के इर्द-गिर्द बुनी गई ‘ओह माय डॉग’
‘ओह माय डॉग’अपनी अलग कहानी को लेकर चर्चा में है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी मुख्य भूमिका में हैं और कहानी में एक कुत्ते की अहम भूमिका दिखाई गई है। फिल्म का निर्देशन अमित राय ने किया है। ट्रेलर को दर्शकों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब फिल्म की रिलीज का इंतजार किया जा रहा है।
‘आर्यभट्ट का जीरो’ में कॉमेडी और ड्रामा का तड़का
हिमांश कोहली, रवि किशन, सोनाली सहगल और शिल्पा शिंदे जैसे कलाकारों से सजी ‘आर्यभट्ट का जीरो’ कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है। इसका निर्देशन कमल चंद्रा ने किया है। फिल्म में रवि किशन की मौजूदगी को लेकर भी दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है।
राज कुंद्रा की ‘द ग्रेट पंजाब रॉबरी’
पंजाबी सिनेमा की ‘द ग्रेट पंजाब रॉबरी’ में बिजनेसमैन राज कुंद्रा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ पायल राजपूत अहम भूमिका निभा रही हैं। फिल्म का निर्देशन और लेखन सौरभ वर्मा ने किया है। राज कुंद्रा फिल्म के प्रचार में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं।
कॉलेज दोस्तों की कहानी लेकर आएगी ‘यार जिगरी कसूती डिग्री’
पंजाबी कॉमेडी-ड्रामा ‘यार जिगरी कसूती डिग्री- द फिल्म’ भी 7 अगस्त को रिलीज होगी। रब्बी तिवाना के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पुखराज भल्ला, अमृत अंबी, हसनीन चौहान और पवन जोहल जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की कहानी कॉलेज के पुराने दोस्तों के पुनर्मिलन और उससे जुड़े मजेदार घटनाक्रम पर आधारित है।
कुल मिलाकर 7 अगस्त का दिन सिनेमा प्रेमियों के लिए मनोरंजन से भरपूर रहने वाला है। अलग-अलग भाषाओं और कहानियों वाली इन फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर किसका सिक्का चलता है, यह देखना दिलचस्प होगा।


