Homeखटाखट स्टोरीBollywood : नशे की तस्करी के आरोप में बॉलीवुड का ये अभिनेता...

Bollywood : नशे की तस्करी के आरोप में बॉलीवुड का ये अभिनेता गिरफ्तार, लाखों की एमडी ड्रग्स बरामद

Bollywood आपणी हथाई न्यूज, शाहिद कपूर अभिनीत फिल्म ‘देवा’ में नजर आ चुके अभिनेता और मॉडल रोहुल्लाह मेहदी को कथित मादक पदार्थ तस्करी के मामले में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 28 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.60 लाख रुपये बताई जा रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, काशीमीरा पुलिस की अपराध शाखा ने मेहदी को मालाड स्थित एक स्टूडियो के बाहर से पकड़ा। बताया जा रहा है कि जिस समय पुलिस ने कार्रवाई की, उस वक्त वह स्टूडियो में काम कर रहे थे। जांच में मेहदी को मामले का मुख्य आरोपी बनाए जाने की बात सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

सोशल मीडिया के जरिए ड्रग सप्लाई का शक

पुलिस को मुंबई में सोशल मीडिया मंचों के जरिए चल रहे कथित ड्रग सप्लाई नेटवर्क की जानकारी मिली थी। जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर स्नैपचैट और व्हाट्सऐप जैसे माध्यमों का इस्तेमाल संपर्क और लेन-देन के लिए कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को ग्राहक बनाकर जाल बिछाया।

पुलिस के अनुसार, कासिफ नाम के एक व्यक्ति को 28 ग्राम एमडी के साथ दहिसर चेक नाका इलाके में ठाकुर मॉल के पास बुलाया गया था। कथित सौदे के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया और उसके कब्जे से मादक पदार्थ बरामद किया।

पूछताछ में सामने आया अभिनेता का नाम

कासिफ से पूछताछ के दौरान कथित तौर पर रोहुल्लाह मेहदी का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मेहदी की तलाश शुरू की और मालाड स्थित स्टूडियो के बाहर से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित ड्रग नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां से की जा रही थी। मामले में सामने आए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।



ताजा खबर