
आपणी हथाई Election न्यूज, आगामी 11 सितंबर कोहने वाले निकाय चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस में दावेदारों का तांता लगा हुआ है। बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों में टिकट की दावेदारी को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों में जबरदस्त हलचल है। जानकारी के अनुसार भाजपा के पास अब तक 852 दावेदारों ने आवेदन किया है। इनमें 50 से अधिक वार्ड ऐसे हैं, जहां 10 से ज्यादा दावेदारों ने अपनी दावेदारी पेश की है। ऐसे में पार्टी के लिए टिकट चयन की राह आसान नजर नहीं आ रही।

वहीं कांग्रेस में भी टिकट के लिए दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जानकारी के अनुसार अब तक 500 से अधिक दावेदार अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं और आवेदन का सिलसिला अभी जारी है।

इस वार्ड में सबसे ज्यादा दावेदारी
जानकारी के अनुसार कांग्रेस में वार्ड नंबर 9 टिकट के लिए सबसे अधिक दावेदारी वाला वार्ड बनकर सामने आया है। दूसरी ओर करीब 10 वार्ड ऐसे हैं, जहां अभी केवल एक या दो दावेदार सामने आए हैं। इनमें वार्ड नंबर 34, 35, 47, 42, 69 और 23 प्रमुख हैं।
टिकट चयन को लेकर रणनीतिकार हुए सक्रिय
दावेदारों की बढ़ती संख्या ने दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के रणनीतिकारों की सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी स्तर पर दावेदारों की जमीनी पकड़, संगठन में सक्रियता, वार्ड में जनाधार और चुनावी समीकरण सहित कई पहलुओं पर नजर रखी जा रही है।
80 वार्डों में टिकट की दौड़ में कौन बाजी मारेगा और किसे पार्टी का सिंबल मिलेगा, इसे लेकर दावेदारों के साथ-साथ स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी उत्सुकता बढ़ती जा रही है। आने वाले दिनों में टिकट चयन के साथ ही बीकानेर की निकाय राजनीति का चुनावी तापमान और बढ़ने की संभावना है।



