
Bikaner आपणी हथाई न्यूज, गंगाशहर क्षेत्र में चौपड़ाबाड़ी से सुजानदेसर की ओर जाने वाले मार्ग पर सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जों को लेकर जन अभाव अभियोग निराकरण समिति (जिला कलक्टर) के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई है। चौपड़ाबाड़ी क्षेत्र के निवासियों ने ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि पुराने ईंट भट्टा क्षेत्र में स्थित सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कब्जे तक मामला सीमित नहीं है, बल्कि भूमि को समतल कर उसे भूखंडों के रूप में बेचने की गतिविधियां भी की जा रही हैं।

ज्ञापन में बताया गया कि संबंधित भूमि पटवार हल्का गंगाशहर के शरह स्वरूपदेसर संख्या 21, 22, 24 एवं 25 (यूआईटी) तथा किसमीदेसर के खसरा संख्या 1096/28, 129 और 130 में स्थित है। शिकायत के अनुसार यह भूमि कुल 6.02 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैली हुई है और इसमें सिवायचक भूमि भी शामिल है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि उक्त भूमि पूर्व में संपतलाल पुत्र धूराराम को ईंट भट्टा संचालन के लिए लीज पर दी गई थी। उनके निधन के बाद संबंधित लीज समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद भूमि पर कब्जे की गतिविधियां जारी रहने का आरोप लगाया गया है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, सरकारी भूमि की मौके पर स्थिति का सत्यापन करने तथा यदि शिकायत सही पाई जाती है तो अवैध कब्जे तत्काल हटाने की मांग की है। साथ ही कथित रूप से सरकारी भूमि को समतल कर प्लॉट के रूप में बेचने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से की गई है। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अथवा अनधिकृत भूखंड बिक्री क्षेत्र के हित में गंभीर विषय है, इसलिए प्रशासन को मामले में शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में क्षेत्र के बाबूलाल जाट, कैलाश खुड़िया, बाबूलाल कुमावत, महावीर भाटी, ओंकार भाटी और संतोष यादव सहित अन्य क्षेत्रवासी शामिल रहे।


