
Rajasthan आपणी हथाई न्यूज, जोधपुर के बासनी औद्योगिक क्षेत्र स्थित गणेश कॉलोनी की एक केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आग पर काबू पाने में जुटे दमकलकर्मियों के बीच अचानक केमिकल टैंक फट गया और जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में नगर निगम के 14 दमकलकर्मी झुलस गए, जिनमें आठ के 50 फीसदी से अधिक झुलसने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को पहले एम्स जोधपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया।

हादसे के बाद एमजीएच में गंभीर रूप से घायल दमकलकर्मियों के लिए अलग बर्न आईसीयू की व्यवस्था की गई है। कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया और नगर निगम आयुक्त राहुल जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। मेडिकल टीम को विशेष निगरानी में उपचार के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, फैक्ट्री में लगी आग पर पहले काबू पा लिया गया था, लेकिन टैंक में विस्फोट के बाद आग दोबारा भड़क उठी, जिसके बाद दमकल की टीमें मौके पर आग बुझाने में जुटी रहीं।
प्रशासन और पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री में किस प्रकार के केमिकल रखे गए थे, उनकी सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी और नियमों की पालना हुई या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस फैक्ट्री संचालक से भी पूछताछ करेगी और जांच में लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी दुख जताते हुए घायल दमकलकर्मियों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।


