
Politics आपणी हथाई न्यूज, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का हालिया बीकानेर दौरा सिर्फ ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नाल एयरपोर्ट से राजूवास के बीच बीकानेर नगर निगम के मेयर-डिप्टी मेयर चुनावों की पूरी अंदरूनी कहानी उनके सामने उजागर हो गई। बीकानेर नगर निगम चुनाव में इस बार बड़ा उलटफेर हुआ, जहां मेयर पद की बाजी बीजेपी के हाथ से निकल गई और कांग्रेस के अनिल कल्ला 42 पार्षदों के बहुमत के साथ मेयर बन गए। वहीं डिप्टी मेयर चुनाव में बीजेपी ने जबरदस्त वापसी करते हुए खेल पलट दिया, जहां महज 27 वोटों के साथ शुरुआत करने वाले नवनिर्वाचित डिप्टी मेयर पंकज गहलोत ने 40 वोटों की छलांग लगाकर कांग्रेस की नसीम बानो को हरा दिया। इसी हार-जीत के पेचीदा गणित पर नाल एयरपोर्ट पर अनौपचारिक चर्चा हुई।

विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ अनौपचारिक बातचीत में बीकानेर की पूरी ग्राउंड रिपोर्ट रखी। इस दौरान मेयर चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की हार के कारणों, भीतरघात, क्रॉस वोटिंग के स्तर और संगठन की बाड़ेबंदी में हुई चूक पर खुलकर बात की गई। साथ ही डिप्टी मेयर चुनाव में 27 से 40 वोटों तक पहुँचने के गणित, कांग्रेस में हुई टूट और अल्पसंख्यक वोटों की नाराजगी से भाजपा को मिले फायदे का पूरा ब्योरा सीएम को समझाया गया। इसके अलावा, संगठन के कुछ पदाधिकारियों की भूमिका और आगामी पंचायत चुनावों में आपसी समन्वय को लेकर भी फीडबैक दिया गया, जिस पर सीएम ने पंचायत चुनावों में तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीकानेर की इस हार में छिपी जीत और जीत में छिपी हार की पूरी अंदरूनी कहानी समझकर जयपुर लौट गए हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मेयर चुनाव की इस हार की अंदरूनी रिपोर्ट के बाद संगठन में क्या बदलाव होते हैं और आगामी पंचायत चुनावों से पहले बीकानेर भाजपा में क्या नए सियासी समीकरण बनते हैं।


