

Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, नोखा थाना क्षेत्र में राणाराव जीएसएस के पास एक अक्टूबर को हुई करीब 15 लाख रुपये की नकबजनी की वारदात का पुलिस ने 20 दिनों में खुलासा करते हुए बावरिया गैंग के दो सदस्यों को फलोदी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकर उर्फ राजेंद्र (18) पुत्र गोपाल बावरिया निवासी हरिपुरा, थाना नरेना, जिला जयपुर ग्रामीण तथा शेरू उर्फ सुरेश (20) पुत्र झाबरमल बावरिया निवासी बीदासर, थाना बलारा, जिला सीकर, हाल निवासी फुलेरा, जिला जयपुर ग्रामीण के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, राणाराव जीएसएस के पास रहने वाले रामस्वरूप बिश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि एक अक्टूबर को शाम पांच से साढ़े पांच बजे के बीच वह महरिया मार्केट स्थित अपनी कपड़े की दुकान पर था। इसी दौरान तीन अज्ञात चोरों ने उसके घर के मुख्य दरवाजे और कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण तथा 40 हजार रुपये नकद चुरा लिए। चोरी हुए सामान में करीब साढ़े तीन तोले का हाथ का कडा, एक तोले के कान के झुमके या टॉप्स, सोने के 30 मोतियों वाला मंगलसूत्र, सात-आठ ग्राम की नथली व लूंग, सोने के तीन ताबीज और चांदी की छह जोड़ी पायल शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी ओमप्रकाश और एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा तथा सीओ जरनैल सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी गोविंद सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ विभिन्न जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। शंकर उर्फ राजेंद्र के खिलाफ जैसलमेर, जयपुर ग्रामीण, नागौर और सिरोही में, जबकि शेरू उर्फ सुरेश के खिलाफ हरियाणा, डीडवाना-कुचामन, अजमेर और जैसलमेर में प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से 36 हजार रुपये नकद और करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद करने के प्रयास कर रही है। वारदात में शामिल तीसरे आरोपी और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण, एएसआई श्रवणराम, कांस्टेबल पवन और कांस्टेबल जितेंद्र शामिल रहे।


