

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले में कुल 13 किलो 953 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 38 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ 1 लाख 85 हजार रुपये नकद और दो लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की हैं। कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश के निर्देशन में की गई।

हनुमानगढ़ जिले के गोलूवाला थाना क्षेत्र में पुलिस ने 9 किलो 821 ग्राम हेरोइन के साथ हासम अली, उसकी पत्नी रवीना, गुलजारा और पंजाब निवासी बलविंदर सिंह को गिरफ्तार किया। वहीं, श्रीगंगानगर जिले के रावला थाना क्षेत्र में 4 किलो 132 ग्राम हेरोइन बरामद कर पंजाब के फाजिल्का जिले के चक्कावाली निवासी जसविंदर सिंह और जसवंत सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, रावला में पकड़े गए दोनों आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन लेने पहुंचे थे। गिरफ्तार आरोपियों में दो इनामी आरोपी भी शामिल हैं, जिन पर क्रमशः 20 हजार और 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

दूसरी ओर बीकानेर रेंज में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए महाजन थाना पुलिस ने 780 पेटी अंग्रेजी शराब से भरे कंटेनर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त शराब की कीमत करीब 72 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने चंडीगढ़ निर्मित शराब की 380 पेटियों से भरे कंटेनर के साथ दो आरोपियों को पकड़ा, जिसकी अनुमानित कीमत 70 लाख रुपये है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशा तस्करी और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तथा सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।


