Homeखटाखट स्टोरीधर्म-धारा : लंका दहन और सीता चूड़ामणि की झांकियों का मंचन, रामलीला...

धर्म-धारा : लंका दहन और सीता चूड़ामणि की झांकियों का मंचन, रामलीला देखने पहुंचे जिला कलेक्टर निशांत जैन और एसपी मृदुल कच्छावा

धर्म-धारा आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर के श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में श्री राम कला मंदिर संस्थान की ओर से आयोजित रामलीला में मंगलवार को जिला कलेक्टर निशांत जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा सपरिवार पहुंचे। इस दौरान रामलीला में हनुमान जी द्वारा लंका दहन करने और माता सीता से चूड़ामणि लेकर प्रभु श्रीराम के पास लौटने के प्रसंग का सजीव मंचन किया गया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर निशांत जैन ने रामलीला के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं, संस्कृति और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े कलाकारों और आयोजकों के प्रयासों की प्रशंसा की। वहीं, एसपी मृदुल कच्छावा ने रामलीला के माध्यम से ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नशे के खिलाफ दिए जा रहे संदेश को सराहनीय बताया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान में सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर श्री राम कला मंदिर संस्थान की ओर से जिला कलेक्टर निशांत जैन और एसपी मृदुल कच्छावा का माला पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।



ताजा खबर