

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, विजयादशमी के अवसर पर बीकानेर में इस बार दशहरा उत्सव भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। शहर में अलग-अलग स्थानों पर रावण दहन के आयोजन होंगे, जिनमें धरणीधर खेल मैदान में तैयार किया जा रहा 90 फीट ऊंचा रावण का पुतला मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके साथ ही 85-85 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले भी तैयार किए गए हैं। आयोजन को लेकर शहरवासियों में उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में दशहरा उत्सव का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। यहां शाम 4 से 5 बजे तक भजन संध्या होगी, जबकि शाम 6 बजे से रंग-बिरंगी आतिशबाजी शुरू होगी। इसके बाद रावण परिवार के पुतलों का दहन किया जाएगा। आयोजन में 60 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान है। प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर तैयारियां की गई हैं।
धरणीधर टीम के टनू आचार्य/जग्गू भा ने बताया कि धरणीधर खेल मैदान में इस बार संभाग का सबसे ऊंचा 90 फीट का रावण खड़ा किया जा रहा है। इसके साथ 85-85 फीट के कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले भी बनाए गए हैं। इन पुतलों को तैयार करने में स्थानीय कारीगरों ने मेहनत की है। वहीं, भीनासर के मुरली मनोहर मैदान में भी रावण दहन का आयोजन होगा। यहां करीब 32 वर्षों से स्वयं पुतले तैयार करने की परंपरा निभाई जा रही है। इस बार भी रिमोट कंट्रोल के माध्यम से रावण दहन किया जाएगा, जिससे उसके मुंह से अंगारे बरसते दिखाई देंगे।
पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में भी दशहरा उत्सव के तहत 25 से अधिक सजीव झांकियां सजाई जाएंगी। इनमें छह फीट से लेकर आठ इंच तक के आकर्षक स्वरूप शामिल होंगे। झांकियों में धार्मिक और सांस्कृतिक प्रसंगों को दर्शाया जाएगा। आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस, महिला सुरक्षा दल, मेडिकल टीम और अन्य आपात सेवाओं को मुस्तैद रखा जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो।



