Homeक्राइमRajasthan : मारपीट की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, कांस्टेबल...

Rajasthan : मारपीट की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, कांस्टेबल का कटर से काटा कान, एक आरोपी डिटेन

Rajasthan आपणी हथाई न्यूज, जैसलमेर जिले के पोकरण क्षेत्र के भवानीप्रोल गांव में मारपीट के मामले की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। इस दौरान कांस्टेबल चालक चतुराराम के कान पर कटर से वार कर उसे काट दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, भवानीप्रोल निवासी जय भार्गव ने सोमवार सुबह पुलिस को शिकायत दी थी कि घर जाते समय रमेश प्रजापत ने उसके साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर हेड कांस्टेबल रूपाराम, कांस्टेबल चालक चतुराराम और एक अन्य कांस्टेबल मामले की जांच के लिए आरोपियों के घर पहुंचे थे। वहां रमेश, नारायणराम और राधेश्याम ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और चतुराराम को नीचे गिरा दिया।

बताया जा रहा है कि घटनास्थल के पास भवन निर्माण के लिए कटर पड़ा हुआ था। आरोपियों ने कटर चालू कर कांस्टेबल चतुराराम के कान पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि, टीम के अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ा लिया। पुलिस ने राधेश्याम प्रजापत को हिरासत में लिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



ताजा खबर