Homeखटाखट स्टोरीBikaner Accident : तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मवेशियों के झुंड को रौंदा,...

Bikaner Accident : तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मवेशियों के झुंड को रौंदा, 10 की मौत; तीन गंभीर घायल

Bikaner Accident आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से 10 मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लूणकरणसर से ढाणी भोपालाराम जाने वाले सड़क मार्ग पर रात करीब 12 बजे हुआ। दुर्घटना में सात भेड़ और तीन बकरियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, खारड़ा निवासी लूणाराम गोदारा अपने मवेशियों को लेकर लूणकरणसर से ढाणी भोपालाराम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान फांटे से करीब एक किलोमीटर दूर लूणकरणसर की तरफ से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मवेशियों को टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में दो बकरियां और एक भेड़ भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मवेशियों को चरा रहे लूणाराम ने वाहन चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है।

घटना की सूचना मिलते ही लूणकरणसर पुलिस, टाइगर फोर्स की टीम और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर पड़े मृत मवेशियों को हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। घटना को लेकर खबर लिखे जाने तक पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ था।



ताजा खबर