Homeखटाखट स्टोरीBikaner: बीकानेर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में...

Bikaner: बीकानेर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर लिए खाद्य पदार्थों के नमूने

आपणी हथाई Bikaner न्यूज, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन तथा प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ के निर्देशन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार, अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के मार्गदर्शन एवं संयुक्त आयुक्त वी.पी. शर्मा के पर्यवेक्षण में केंद्रीय खाद्य सुरक्षा दल ने बीकानेर में कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के कुल 6 नमूने जांच के लिए लिए गए तथा बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र स्थित गोदाम से करीब 22,000 किलोग्राम खाद्य तेल सीज किया गया।

खाद्य तेल के गोदाम पर कार्रवाई, 22 हजार किलो तेल सीज

खाद्य सुरक्षा दल ने बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स लक्ष्मी नारायण भंवर लाल के गोदाम का निरीक्षण किया। यहां से करीब 22 हजार किलोग्राम खाद्य तेल सीज किया गया। सीज किए गए तेल में नेपाल में निर्मित ‘CHOICE’ ब्रांड का सनफ्लावर ऑयल तथा ‘बाबा रामदेव छाप’ सरसों का तेल शामिल है। कार्रवाई के दौरान जांच के लिए खाद्य तेल के तीन नमूने भी लिए गए। ‘CHOICE’ सनफ्लावर ऑयल की लेबलिंग एवं प्रचार से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।

दो अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण

खाद्य सुरक्षा दल ने मैसर्स नागड़ नारायण एग्रो इंडस्ट्रीज का निरीक्षण कर नारियल पेड़ा खाद्य सामग्री का एक नमूना जांच के लिए लिया। वहीं, रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मैसर्स श्री बिशनलाल बाबूलाल की निर्माण इकाई का निरीक्षण कर दो खाद्य नमूने लिए गए।

इस प्रकार एक ही दिन में तीन प्रतिष्ठानों से कुल 6 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में संबंधित फर्मों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए जाएंगे।

त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी

अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने कहा कि दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावट तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य तेल, घी, मावा, मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय की गहन जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि भ्रामक लेबलिंग, अनुचित प्रचार तथा मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थों के कारोबार पर विभाग की कड़ी नजर है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके अंतर्गत बनाए गए नियमों एवं विनियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य नमूनों की जांच, खाद्य पदार्थों को सीज करने, लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त करने तथा प्रकरण की प्रकृति के अनुसार अभियोजन सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों से निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण एवं विक्रय करने तथा पैकेजिंग और लेबलिंग संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है। आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध अभियान के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।



ताजा खबर