Homeखटाखट स्टोरीदेश : फारूक अब्दुल्ला का विवादित बयान, बोले- पाकिस्तान कर रहा कश्मीर...

देश : फारूक अब्दुल्ला का विवादित बयान, बोले- पाकिस्तान कर रहा कश्मीर की रक्षा; बीजेपी ने कहा- पाकिस्तान जाकर बस जाएं

आपणी हथाई न्यूज, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के एक बयान से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। बारामूला में शनिवार को आयोजित रैली में उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली के इरादे ठीक नहीं हैं और पाकिस्तान लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर का मुद्दा उठा रहा है। अब्दुल्ला ने दावा किया कि पाकिस्तान कश्मीर की रक्षा कर रहा है। उनके इस बयान के बाद जम्मू-कश्मीर की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

रैली को संबोधित करते हुए अब्दुल्ला ने अनुच्छेद 370 की बहाली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस संवैधानिक प्रावधान को दोबारा लागू कराने के लिए संघर्ष जारी रखेगी और उन्हें उम्मीद है कि एक दिन जम्मू-कश्मीर को उसका विशेष दर्जा वापस मिल जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संघर्ष करने का आह्वान करते हुए कहा कि दिल्ली से न्याय की उम्मीद करने के बजाय अपने अधिकारों के लिए लड़ने का साहस रखना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लोग एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई नहीं लड़ेंगे तो उनकी पहचान और हितों को नुकसान पहुंच सकता है। अब्दुल्ला ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय दबाव के कारण चुप है और पाकिस्तान विभिन्न मंचों पर कश्मीर का मुद्दा उठा रहा है।

फारूक अब्दुल्ला ने देश में मुसलमानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए समुदाय से एकजुट रहने की अपील भी की। उन्होंने बीजेपी शासित राज्यों में मुसलमानों की दुकानों, मकानों, संपत्तियों और धार्मिक स्थलों को तोड़े जाने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए ऐसी कार्रवाइयों का विरोध करने की बात कही। साथ ही उन्होंने उन लोगों पर सवाल उठाए जो इन परिस्थितियों के बावजूद सत्ताधारी दल का समर्थन कर रहे हैं। उनके अनुसार, एकजुटता की कमी से समुदाय के अधिकारों और संवैधानिक सुरक्षा के सामने चुनौतियां बढ़ सकती हैं।

अब्दुल्ला के बयान पर जम्मू-कश्मीर बीजेपी अध्यक्ष सत शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत में अभिव्यक्ति की आजादी होने के कारण फारूक अब्दुल्ला इस तरह के बयान दे पा रहे हैं। शर्मा ने अनुच्छेद 370 को जम्मू-कश्मीर पर थोपा गया प्रावधान बताते हुए कहा कि इसके लागू रहने के दौरान महिलाओं के अधिकारों पर भी असर पड़ा था। उन्होंने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर के मुसलमान भारत में सुरक्षित हैं और फारूक अब्दुल्ला को अपने बयान के लिए देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि यदि अब्दुल्ला को भारत की नीतियों से इतनी परेशानी है तो उन्हें पाकिस्तान जाकर बस जाना चाहिए।



ताजा खबर