Homeक्राइमRajasthan : दो लाख की घूस मांगने वाला EPFO अधिकारी ACB के...

Rajasthan : दो लाख की घूस मांगने वाला EPFO अधिकारी ACB के जाल में फंसा, 1 लाख की रिश्वत के साथ गिरफ्तार

Rajasthan आपणी हथाई न्यूज, राजधानी जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के एक एन्फोर्समेंट ऑफिसर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अधिकारी की पहचान सोनू मौर्य के रूप में हुई है। एसीबी की टीम ने आरोपी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते समय दबोचा। इस कार्रवाई से EPFO विभाग में खलबली मच गई है।

एसीबी के मुताबिक, आरोपी अधिकारी सोनू मौर्य ने एक निजी फर्म के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं करने की एवज में दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। दरअसल, संबंधित फर्म की ओर से कर्मचारियों के पीएफ की राशि निर्धारित समय पर जमा नहीं करवाई गई थी। इसी मामले को लेकर आरोपी अधिकारी ने फर्म पर कार्रवाई का दबाव बनाया और कथित तौर पर एफआईआर दर्ज नहीं करवाने तथा बैंक खातों को फ्रीज नहीं करने के बदले रिश्वत की मांग की।

आरोपी की इस कथित अवैध मांग से परेशान होकर फर्म की ओर से एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई गई। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो के अधिकारियों ने पहले पूरे मामले का गोपनीय तरीके से सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर एसीबी ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाने की योजना तैयार की।

रणनीति के तहत एसीबी की ट्रैप टीम ने निर्धारित योजना के अनुसार कार्रवाई की। आरोपी सोनू मौर्य जब फर्म के सीए की मौजूदगी में सह-परिवादी से रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर एक लाख रुपये प्राप्त कर रहा था, तभी मौके पर पहुंची टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली।

यह पूरी कार्रवाई एसीबी के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने अंजाम दी। फिलहाल आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सरकारी विभाग में तैनात अधिकारी के रिश्वत लेते पकड़े जाने की इस घटना ने एक बार फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी और सख्त कार्रवाई की जरूरत को सामने ला दिया है।



ताजा खबर