Homeखटाखट स्टोरीBikaner : धनतेरस-दीपावली पर बीकानेर के बाजारों में बदलेगी यातायात व्यवस्था, 9...

Bikaner : धनतेरस-दीपावली पर बीकानेर के बाजारों में बदलेगी यातायात व्यवस्था, 9 नवंबर तक कई मार्गों पर वाहनों की एंट्री बंद

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर शहर के बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए बीकानेर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। 6 नवंबर से 9 नवंबर 2026 तक शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। इस दौरान मुख्य बाजार, केईएम रोड, दाऊजी रोड, बड़ा बाजार, रानी बाजार, गंगाशहर रोड और नोखा रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष यातायात प्रबंधन लागू रहेगा। पुलिस का उद्देश्य बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध करवाना और जाम की स्थिति से बचना है।

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दीपक शर्मा तथा यातायात शाखा के अधिकारियों के नेतृत्व में यह व्यवस्था लागू की जाएगी। यातायात निरीक्षक के अनुसार, धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों में वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण केईएम रोड, कोटगेट, दाऊजी रोड, बड़ा बाजार, रानी बाजार और गंगाशहर रोड पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। केईएम रोड, कोटगेट दरवाजा, रेलवे स्टेशन रोड और कोटगेट दरवाजा से आचार्य चौक की ओर आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर भेजा जाएगा। इन क्षेत्रों में यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी।

यातायात व्यवस्था के तहत कोटगेट बाजार में आने वाले आमजन के वाहनों की पार्किंग रतन बिहारी पार्क मैदान, राजीव मार्ग स्थित फोर्ट स्कूल का मैदान, सादुल स्कूल के पास का मैदान, पुराना बस स्टैंड तथा सादुल सिंह सर्किल के पास निर्धारित स्थानों पर करवाई जाएगी। वहीं सेना के वाहनों की पार्किंग सादुल सिंह सर्किल के पास निर्धारित की गई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और बाजारों में अनावश्यक रूप से वाहन लेकर प्रवेश न करें।

शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए रानी बाजार, गोगागेट, कोठारी सर्किल और नोखा रोड पर भी विशेष व्यवस्था रहेगी। नोखा रोड से बीकानेर आने वाली बसों और अन्य भारी वाहनों को रानी बाजार पुलिस लाइन के सामने स्थित 5 नंबर सर्किल से होते हुए नोखा रोड की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह नोखा रोड से आने वाले वाहनों को निर्धारित मार्गों से शहर में प्रवेश करवाया जाएगा। रानी बाजार क्षेत्र में यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए रेलवे स्टेशन से सर्किल तक आने वाले वाहनों को राजीव मार्ग से निकाला जाएगा।

रानी बाजार चौखा सर्किल से रेलवे स्टेशन से आने वाले वाहनों को सर्किल से माईको कंपनी होते हुए राजीव मार्ग की ओर भेजा जाएगा। राजीव मार्ग पर तीन पहिया और चार पहिया वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा। लाजपत होटल से फोर्ट स्कूल के मैदान तक आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करवाया जाएगा। चौखूंटी फाटक से कोटगेट की ओर आने वाले तीन पहिया वाहनों को केशरवानी बाजार तक ही प्रवेश दिया जाएगा, जबकि फड़ बाजार से सीधे माईको कंपनी की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित मार्ग से निकाला जाएगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्रों में बिना अनुमति वाहन लेकर प्रवेश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बाजारों में दुकानदारी करने वाले व्यापारियों से भी अपील की गई है कि वे सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित न करें तथा दुकानों के सामने वाहनों को खड़ा न होने दें। सड़क पर सामान रखने और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने शहरवासियों, वाहन चालकों और दुकानदारों से अपील की है कि त्योहार के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और बाजारों में वाहन लेकर जाने से बचें। पुलिस ने कहा कि आमजन के सहयोग से ही धनतेरस और दीपावली के दौरान शहर में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखी जा सकेगी।



ताजा खबर