

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर नगर निगम के ठोस कचरा प्रबंधन से जुड़ी CAG और NGT की रिपोर्टों में आँकड़ों का अंतर सामने आया है। CAG की रिपोर्ट संख्या 4, वर्ष 2025 के अनुसार बीकानेर में कुल कचरा संग्रहण 596.60 टन प्रतिदिन दर्ज है, जबकि राजस्थान सरकार की NGT में प्रस्तुत रिपोर्ट में कचरा उत्पादन एवं परिवहन 398.73 टन प्रतिदिन दर्शाया गया है। दोनों आँकड़ों में 197.87 टन प्रतिदिन का अंतर है।

CAG रिपोर्ट के अनुसार अगस्त 2021 से मार्च 2023 के दौरान घरों से संग्रहण के अतिरिक्त सड़कों से 233.60 टन प्रतिदिन कचरा उठाया गया। इसमें सड़क की सिल्ट और आउटसोर्स एजेंसी के कार्यक्षेत्र से बाहर का कचरा भी शामिल था, जिसे नगर निगम के अपने वाहनों से उठाया जाता था।

NGT रिपोर्ट में बीकानेर में कचरा प्रोसेसिंग 109.87 टन प्रतिदिन तथा प्रोसेसिंग की कमी 288.86 टन प्रतिदिन बताई गई है।
इस मामले में लक्ष्मन मोदी ने NGT एवं राजस्थान CAG कार्यालय को ई-मेल से प्रतिवेदन भेजकर दोनों रिपोर्टों के आँकड़ों का तुलनात्मक परीक्षण कराने की माँग की है। जिससे आगे, इतना अन्तर देखने के नही आये ।
मोदी ने कहा कि दोनों रिपोर्टों की संदर्भ अवधि और गणना पद्धति का मिलान कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि NGT को प्रस्तुत आँकड़ों में सड़क किनारे से उठाया गया तथा नगर निगम के अपने वाहनों से संग्रहित कचरा शामिल था या नहीं। यह अंतर निष्पक्ष जाँच और वास्तविक आँकड़ों के सत्यापन की माँग करता हैं।



