

बीकानेर संभाग आपणी हथाई न्यूज, सरहद पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई नशे की एक बड़ी खेप को श्रीगंगानगर पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया है। हिंदूमलकोट थाना पुलिस ने तस्करी की फिराक में घूम रहे तीन लोगों को दबोच लिया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 1 किलो हेरोइन मिली है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 5 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में काम ली जा रही बाइक को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

रात के अंधेरे में नहर किनारे हुई घेराबंदी
थाना प्रभारी सुनील खोड़ के अनुसार, 21 नवंबर की देर रात पुलिस की टीम भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक गश्त कर रही थी। इसी दौरान एमएल नहर की पटरी के पास कोठा गांव पुल के समीप संदिग्ध अवस्था में एक बाइक पर तीन लोगों को आता देख रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से हेरोइन की खेप बरामद हुई।

फाजिल्का के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान सुखचैन सिंह उर्फ पम्मा (34) निवासी शमसाबाद (सदर थाना क्षेत्र, फाजिल्का), गुरजंट सिंह उर्फ जनता (24) निवासी शमसाबाद और शीला बाई (45) निवासी बकेनवाला, पंजाब के रूप में हुई है।
पाकिस्तानी ड्रोन और हैंडलर का कनेक्शन
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सुखचैन एक पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था। आशंका जताई जा रही है कि यह हेरोइन पाकिस्तानी ड्रोन के माध्यम से पंजाब क्षेत्र में गिराई गई थी। पंजाब के एक ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े शख्स ने सुखचैन को यह माल श्रीगंगानगर पहुंचाने का जिम्मा सौंपा था। इसके बाद सुखचैन अपने साथी गुरजंट और शीला बाई के साथ बाइक से फाजिल्का से निकला था। योजना यह थी कि श्रीगंगानगर पहुंचने के बाद मोबाइल के जरिए डिलीवरी की लोकेशन बताई जाती, लेकिन उससे पहले ही तीनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
रिसीवर और लोकल नेटवर्क की तलाश
जिला पुलिस अधीक्षक हरि शंकर ने बताया कि यह कार्रवाई ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के तहत की गई है। फिलहाल यह खंगाला जा रहा है कि यह खेप श्रीगंगानगर में किसे सौंपी जानी थी और तस्करों के स्थानीय मददगार कौन हैं। हिंदूमलकोट थाने में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है तथा मामले की तफ्तीश चूनावढ़ थाना प्रभारी संजय सिंह को सौंपी गई है।



