


आपणी हथाई न्यूज,बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने गुरुवार को विधानसभा में बीकानेर शहरी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने ‘कांगेस के कुछ खोटे सिक्के नहीं चले बाजार में, फिर भी आज कमियां ढूंढ रहे भजन लाल सरकार में’ के साथ विपक्ष को घेरा और कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की अगुवाई में पहले बजट में बीकानेर को बीकानेर विकास प्राधिकरण की सौगात मिली, लेकिन कांग्रेस के प्रत्याशी रहे नेता ने कहा कि इससे बीकानेर को नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि जनता ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस के नेता के बयान को ट्रोल किया। उन्होंने बीकानेर विकास प्राधिकरण का कार्यालय जोड़बीड़ में नहीं बनाने का पक्ष रखा और कहा कि बीकानेर से इतने दूर सामान्य आदमी की पहुच नहीं हो पाएगी तथा इससे दलाल पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि बीकानेर में वर्तमान में संचालित बीकानेर विकास प्राधिकरण कार्यालय जेडीए की तुलना में दो गुना बड़ा है। इसलिए या तो बीडीए यहीं संचालित किया जाए अथवा पूर्व में उनके द्वारा सुझाए गए स्थानों पर बीडीए का कार्यालय बने। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बीकानेर के रेलवे फाटकों की समस्या के स्थाई समाधान के लिए बजट स्वीकृत कर दिया है। अब इसके लिए भूमि अवाप्ति होनी है, लेकिन सार्वजनिक निर्माण विभाग के पास इसके लिए बजट नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बीडीए के पास 300 करोड़ से अधिक राशि है तथा अंडर ब्रिज बनाने के लिए भूमि अवाप्ति पर 16-20 करोड़ रुपए व्यय होने हैं। ऐसे में बीडीए के माध्यम से यह राशि देने की अनुमति दी जाए, जिससे शहरी क्षेत्र के लाखों लोगों को स्थाई राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि बीकानेर का विकास तेज गति से हो रहा है। ऐसे में गौ संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण भी महत्वपूर्ण है। इसके मद्देनजर बीकानेर शहर के लगते गौचर क्षेत्र को गौ अभ्यारण्य के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने वर्ष 2013 में नगर विकास न्यास द्वारा चुनाव से ठीक पहले जारी किए गए पट्टों की जांच की बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा नियम विरूद्ध पट्टे जारी किए गए। भाजपा सरकार ने इसकी जांच प्रारम्भ की लेकिन सरकार बदलने से यह जांच अधूरी रह गई। कांग्रेस की पिछली सरकार ने फर्जी तरीके से पट्टे बनाने वालों को एनओसी दे दी, जबकि सही पट्टे वाले आज भी भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि फर्जी तरीके से बने पट्टों पर बैंकों ने लोन दे दिया तथा आज वे जमा नहीं करवा पा रहे हैं, इससे बैंक इस अचल सम्पति को नीलाम कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे अनेक उदाहरण देखने को मिले हैं, जिनमें दशकों से रहने वाले लोगों को बेदखल करने का प्रयास किया गया। उन्होंने आवासन मंडल की जोड़बीड़ की भूमि पर मिट्टी खुदाई के कार्य को अविलम्ब रोकने की बात कही। वहीं आवासन मंडल के एलोटेड मकानों को कब्जों से मुक्त करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि आवासन मंडल के खसरों को गैर कानूनी तरीके से बदला जा रहा है। इस पर रोक लगाई जाए। उन्होंने आवासन मंडल को भूमाफियाओं से मुक्त रखने, पुराने शहर में सीवरेज की लाइन बिछाने के लिए बजट स्वीकृत करने, सफाई कर्मचारियों की भर्ती जनसंख्या के अनुपात में करने तथा इसमें वाल्मिकी समाज को सर्वाधिक अवसर देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग में वाल्मीकि समाज सबसे पिछड़ी हुई जाति है, इस जाति के युवाओं को सबसे अधिक अवसर दिए जाएं। उन्होंने शहरी क्षेत्र में नाली और सड़क निर्माण के लिए अतिरिक्त बजट देने की मांग रखी और कहा कि एक दौर में बीकानेर को सबसे बड़ा गांव कहा जाता था, लेकिन भाजपा की सरकार आने के बाद यह बड़ा शहर बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।


