

Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, शहर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र में 20 लाख रुपए से अधिक की कथित आर्थिक धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पति-पत्नी को उत्तर प्रदेश के सीतापुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर परिवादी और उसके परिवार का विश्वास जीतकर 20 लाख रुपए नकद तथा करीब 4 लाख रुपए मूल्य के आभूषणों की ठगी करने का आरोप है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इसी तरह की वारदातें राजस्थान सहित दो राज्यों में कर चुके हैं।

मार्च 2025 में दर्ज हुआ था मामला

पुलिस के अनुसार, परिवादी नवीन कुमार चौहान ने 26 मार्च 2025 को जेएनवीसी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में रोहित बाजपेयी और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी पर परिवादी एवं उसके परिवार के साथ पूर्व नियोजित तरीके से आर्थिक धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया था।
परिवादी का आरोप है कि दोनों ने पहले सुनियोजित तरीके से उसका विश्वास जीता और इसके बाद 20 लाख रुपए नकद तथा लगभग 4 लाख रुपए मूल्य के आभूषण लेकर कथित रूप से ठगी की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
दो राज्यों में इसी तरह की वारदात करने का आरोप
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह की वारदात करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के कोतवाली नगर थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 271/2026 में भी कथित धोखाधड़ी के मामले की जांच की जा रही थी। वहां आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को उनके ठिकाने के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद बीकानेर पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश पहुंची और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रोहित बाजपेयी पुत्र दिनेश चंद्र बाजपेयी, उम्र 44 वर्ष। वर्तमान में उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र स्थित मोहल्ला यशुपुर, भगवान मक्खनंद नगर का निवासी है वही अन्नू बाजपेयी पत्नी रोहित बाजपेयी, पुत्री केशव राज पौड़ेल, उम्र 44 वर्ष। वर्तमान में उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र स्थित मोहल्ला यशुपुर, भगवान मक्खनंद नगर की निवासी है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के सीतापुर से गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल प्रकरण में अनुसंधान जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश आईपीएस के निर्देशानुसार तथा जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा आईपीएस और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन में कार्रवाई की गई। वृत्ताधिकारी (वृत्त सदर) आकांक्षा कुमारी के निकट सुपरविजन में जेएनवीसी थानाधिकारी देवेंद्रसिंह पुनी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। इस टीम में थानाधिकारी देवेंद्रसिंह पुनी, जय प्रकाश सर्जन, पुरुषराज कानि. 1057, अर्चना मकानी कानि. 1057 और अनुराधा मकानी कानि. 394 शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों से संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है और प्रकरण में आगे की कार्रवाई जारी है।



