Homeखटाखट स्टोरीBikaner : दीपावली पर दूसरों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने वाले 60...

Bikaner : दीपावली पर दूसरों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने वाले 60 कर्मयोगियों का सम्मान, ‘दीपावली वॉरियर्स अवार्ड’ कार्यक्रम हुआ आयोजित

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, जब पूरा शहर दीपावली की खुशियां मनाने में जुटा था, तब कुछ लोग ऐसे भी थे जो अपने परिवार से दूर रहकर दूसरों की खुशियों और सुरक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। किसी ने अस्पताल में मरीजों की सेवा की, किसी ने सड़कों पर सुरक्षा की कमान संभाली तो किसी ने आगजनी की घटनाओं पर तत्परता से काबू पाकर बड़े हादसों को टाला। ऐसे ही सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल बने 60 कर्मयोगियों को रविवार शाम जिला उद्योग संघ सभागार में आयोजित ‘दीपावली वॉरियर्स अवार्ड-2026’ समारोह में सम्मानित किया गया।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) एवं अरज इवेंट्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में बीकानेर में पहली बार आयोजित इस अनूठे समारोह में चिकित्सा, पुलिस, अग्निशमन सेवा और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मयोगियों एवं संस्थाओं को सम्मान प्रदान किया गया। राम झरोखा धाम के महंत एवं राष्ट्रीय संत महामंडलेश्वर सरजू दास जी महाराज का समारोह में पावन सानिध्य रहा। उनके हाथों सम्मान प्राप्त करने वाले कर्मयोगियों के चेहरों पर गर्व और खुशी का भाव नजर आया।

सेवा करने वालों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी : सरजू दास महाराज

महामंडलेश्वर सरजू दास महाराज ने कहा कि जब पूरा शहर दीपावली मनाने में व्यस्त था, तब ये कर्मयोगी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद थे। इन लोगों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया, इसी का परिणाम है कि आमजन सुरक्षित और खुशहाल माहौल में दीपावली मना सके। ऐसे लोगों का सम्मान करना समाज का दायित्व है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ समय बिताने, उन्हें अच्छे संस्कार देने और नशे से दूर रखने का आह्वान किया।

पुलिसकर्मी पर नाराज होने से पहले समझें उसकी ड्यूटी : सीओ सिटी

सीओ सिटी अनुज डाल ने पुलिसकर्मियों की कार्यशैली और उनकी चुनौतियों पर बात रखते हुए कहा कि पुलिस के जवान 24 घंटे आमजन की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। उन्हें बहुत कम छुट्टियां मिल पाती हैं। कई बार ड्यूटी के दबाव में पुलिसकर्मी का व्यवहार सख्त हो जाता है, जिससे आमजन नाराज हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी पुलिसकर्मी के व्यवहार पर प्रतिक्रिया देने से पहले यह भी समझना चाहिए कि लास्ट घर कब गया था और उसने आज भोजन किया भी है या नहीं। आमजन को पुलिसकर्मियों के प्रति अपना नजरिया सकारात्मक रखते हुए उनके साथ सद्भावपूर्ण व्यवहार करना चाहिए।

 

सेवा और संवेदनशीलता को पहचान देना आयोजन का उद्देश्य

अरज इवेंट्स के हेड रविन्द्र हर्ष ने बताया कि बीकानेर में अपनी तरह का यह पहला आयोजन है। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान परिवार से दूर रहकर दूसरों की खुशियों और सुरक्षा के लिए जुटे रहने वाले लोगों की सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता को पहचान देना है। उन्होंने कहा कि जब पूरा शहर त्योहार मना रहा होता है, तब अनेक कर्मचारी और समाजसेवी अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए आमजन की खुशियों को सुनिश्चित करने में जुटे रहते हैं। ऐसे कर्मयोगियों को सम्मानित करना गौरव की बात है। अरज इवेंट्स की ओर से अनिल जोशी ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उद्घोषक ज्योति प्रकाश रंगा ने आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन रविन्द्र हर्ष व ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।

इन्हें मिला दीपावली वॉरियर्स अवार्ड

चिकित्सा क्षेत्र से: डॉ. देवेंद्र अग्रवाल, डॉ. बीके गुप्ता, डॉ. बीएल खाजोटिया, डॉ. जयश्री मुरली मनोहर, डॉ. पिंटू नाहटा, डॉ. राहुल हर्ष, डॉ. नवल गुप्ता, डॉ. हरमीत सिंह, डॉ. रामदेव अग्रवाल, डॉ. वीर बहादुर सिंह, डॉ. आशीष स्वामी, डॉ. नवनीत सुथार, डॉ. खुशबू जोशी, डॉ. निखिल गांधी, डॉ. ऋषभ कोचर, डॉ. कन्हैया कछावा, डॉ. आयुषी श्रीवास्तव, डॉ. सचिन भाटिया, डॉ. भुवनेश नारायण पुरोहित, डॉ. निशांत वर्मा, डॉ. अशोक सिंघल, डॉ. गरिमा चौधरी, डॉ. अतुल तिवारी, डॉ. तारिक मोहम्मद तसलीम, डॉ. एलके कपिल, डॉ. अमिताभ सुथार, डॉ. शुभम जानू, डॉ. इंद्रपुरी, डॉ. गौरव माथुर, डॉ. जयकिशन सुथार, डॉ. एमए दाऊदी, डॉ. गुरजीत कौर, डॉ. गुलाब खत्री, डॉ. सुनील हर्ष, डॉ. सुनीता रॉयल, डॉ. सिद्धार्थ अंसवाल, डॉ. अंबुज गुप्ता, डॉ. मनोज सनवाल, डॉ. प्रेक्षा विजय, डॉ. श्रेयांश जैन, डॉ. शिल्पी जैन कोचर एवं डॉ. अनंत शर्मा।

पुलिस विभाग से सीओ सिटी अनुज डाल, आईपीएस शालिनी बजाज, कोतवाली थानाधिकारी सविता दल, कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवारी, थानाधिकारी विकास बिश्नोई, नया शहर थानाधिकारी सुरजीत सिंह एवं नेहा तिवारी को सम्मानित किया गया।

सामाजिक संस्थाओं का सम्मान: रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स, नारी शक्ति संगठन, वन बाइकर, श्रीजी धूमावती ट्रस्ट, बीकानेर उद्योग प्रन्यास, रामलाल सूरज देवी रांका चैरिटेबल ट्रस्ट, मां की बात ग्रुप, वाईएआई ग्रुप, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन जिला बीकानेर, दिव्यांग सेवा संस्थान, जैन महासभा बीकानेर एवं पुष्करणा प्रन्यास को सम्मान प्रदान किया गया।

फायर ब्रिगेड के जवानों और समाजसेवियों को भी सराहा

दीपावली के दौरान आतिशबाजी से आग लगने की घटनाओं पर तत्परता से काबू पाने वाले नगर निगम के अग्निशमन विभाग के कार्मिकों को भी सम्मानित किया गया। इनमें फायर ऑफिसर रिमांड सिंह शेखावत, लीडिंग फायरमैन योगेंद्र कुमार एवं अभिषेक चौधरी शामिल रहे। इनके अलावा समाजसेवी दिनेश सिंह भदौरिया और कूडो टीम को भी दीपावली वॉरियर्स अवार्ड प्रदान कर उनकी सेवाओं की सराहना की गई।

ये रहे मौजूद

समारोह में युवा कांग्रेस नेता संजय आचार्य, समाजसेवी सीताराम कच्छावा, नारी शक्ति संगठन की अध्यक्ष मधु खत्री, जिला उद्योग संघ के सचिव वीरेंद्र किराडू, जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) के जिलाध्यक्ष प्रमोद आचार्य, राष्ट्रदूत के रिपोर्टिंग हेड रमेश बिस्सा, मुकेश पुरोहित, आरएम न्यूज के कैमरामैन शंकर सारस्वत सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।



ताजा खबर