Homeखटाखट स्टोरीBikaner : बीकानेर जंक्शन पर सुरक्षा और सुविधाओं की बदहाली,दर्ज कराई शिकायत,...

Bikaner : बीकानेर जंक्शन पर सुरक्षा और सुविधाओं की बदहाली,दर्ज कराई शिकायत, डीआरएम को देंगे ज्ञापन

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों की जमीनी हकीकत परखने के लिए रविवार दोपहर 2 बजे बीकानेर विकास मंच की टीम ने स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 सहित स्टेशन परिसर में कई गंभीर अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिस पर मंच के पदाधिकारियों ने गहरी नाराजगी जताते हुए स्टेशन मास्टर शिवरतन मीणा को लिखित शिकायत (शिकायत संख्या 25821 और 25822) सौंपी।

 

निरीक्षण के दौरान सबसे गंभीर स्थिति सुरक्षा व्यवस्था को लेकर देखने को मिली। मुख्य प्रवेश द्वार पर लगा लगेज स्कैनर लंबे समय से खराब पड़ा है और निरीक्षण के समय भी बंद मिला। वहां न तो कोई सुरक्षा गार्ड तैनात था और न ही यात्रियों के सामान की कोई जांच हो रही थी, जिससे यात्री बेरोकटोक अंदर आ-जा रहे थे। मंच के पदाधिकारियों ने इसे सुरक्षा में बड़ी चूक बताते हुए किसी संभावित हादसे की आशंका जताई। ऐसी ही अव्यवस्था गेट नंबर-2 और प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर भी दिखी, जहां यात्री सीधे आवाजाही कर रहे थे। इस संबंध में मौके पर मौजूद अधिकारियों से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

 

स्टेशन परिसर में बुनियादी यात्री सुविधाओं का भी अभाव नजर आया। मुख्य प्रवेश द्वार के ठीक सामने बने पानी के स्टैंड (संख्या 11/10) के तीनों ओर लगे सभी नल बंद पड़े मिले, जिससे यात्रियों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। इसके अलावा स्टेशन पर एसी रिटायरिंग रूम और बाल सहायता केंद्र पर भी ताला लटका हुआ पाया गया।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों की परेशानियों को लेकर भी मंच ने चिंता जताई। स्टेशन पर बुजुर्गों को प्लेटफॉर्म तक लाने-ले जाने के लिए किसी तरह के प्लेटफॉर्म वाहन की व्यवस्था नहीं है। वहीं, प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर न तो लिफ्ट लगी है और न ही स्वचालित सीढ़ियां (एस्केलेटर) हैं, जिसके कारण बुजुर्ग यात्रियों को सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में भारी तकलीफ का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही जंक्शन के बाहर लगा तिरंगा झंडा बिना किसी ठोस वजह के हटाए जाने पर भी मंच ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।

 

बीकानेर विकास मंच के सदस्यों ने कहा कि सर्वाधिक राजस्व देने वाले विभाग में शामिल होने के बावजूद बीकानेर जंक्शन पर मूलभूत सुविधाएं नदारद हैं। इस दौरान शहर के बीचों-बीच से गुजरने वाली रेलवे लाइन का मुद्दा भी उठाते हुए कहा गया कि पिछले 50 वर्षों से बीकानेर की जनता इस समस्या का दंश झेल रही है। इसका काम शुरू होने के बाद अधर में लटक गया है, लेकिन न तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इसकी चिंता है और न ही रेल प्रशासन को।

संयोजक विजय कोचर के नेतृत्व में पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल में पुरुषोत्तम सुथार, मांगीलाल सोनी, मुकेश पारीक और भवानी सुथार शामिल रहे। मंच ने घोषणा की है कि इन तमाम रेल समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आगामी 27 नवंबर (शुक्रवार) को प्रतिनिधिमंडल उत्तर पश्चिम रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपेगा।



ताजा खबर