


बीकानेर क्राइम न्यूज,शहर में चोरी की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है, जहाँ अब शातिर चोरों ने मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखकर एक शोक संतप्त परिवार के घर को अपना निशाना बनाया है। ताजा मामला बीकानेर के बंगला नगर इलाके का है, जहाँ हीरेश्वर मंदिर के सामने स्थित एक बंद मकान में चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये की ज्वेलरी और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित मकान मालिक सुशील कुमार राठी ने मुक्ताप्रसाद नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि बीते 14 मार्च को उनकी माताजी का स्वर्गवास हो गया था। इस कारण पूरा परिवार सुबह 10 बजे जस्सूसर गेट स्थित अपने पैतृक मकान चला जाता था और रात को वापस बंगला नगर लौटता था। 17 मार्च को सुशील कुमार अपनी माताजी की अस्थियां विसर्जित करने हरिद्वार गए हुए थे। इसी दौरान, 18 मार्च की रात जब उनकी पत्नी निशा बच्चों के साथ घर पहुँची, तो वहां के हालात देखकर दंग रह गई।
बड़ी चोरी का खुलासा:
चोरों ने सूने घर की दीवार फांदकर प्रवेश किया और कमरों में रखी अलमारियों के ताले तोड़ दिए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोर घर से करीब 40 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम को भी बुलाया गया। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुँचा जा सके।


