Bikaner निकाय चुनाव आपणी हथाई न्यूज, नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर टिकट वितरण का दौर शुरू होते ही भाजपा में विवाद के स्वर भी तेज होने लगे हैं। नेताओं की खींचतान के बीच भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष राजाराम बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर अपनी पीड़ा साझा करते हुए पार्टी की जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बिश्नोई ने कहा कि जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ पार्षद पद के लिए कार्यकर्ताओं के बजाय खुद के लिए, ड्राइवर के लिए और बहन के लिए भाजपा का टिकट मांग रही हैं। उन्होंने वार्ड नंबर 29 में गलत आंकड़े पेश कर बिश्नोई समाज से भाजपा का टिकट छीनने का भी आरोप लगाया।
राजाराम बिश्नोई ने कहा कि “जिसके पास शहर के 80 वार्डों में टिकट देने की जिम्मेदारी है, वो खुद ही ये कहने लग जाए कि पार्षद का टिकट मेरे को दे दो, मेरे को नहीं तो मेरे ड्राइवर को दे दो। इधर से मेरी बहन को दे दो, तो यह बात उचित नहीं है।” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि भाजपा के बड़े नेताओं के समक्ष वार्ड नंबर 29 को लेकर गलत आंकड़े पेश किए गए हैं। बिश्नोई के अनुसार, इस वार्ड में बिश्नोई समाज के 800 से अधिक मतदाता हैं, जबकि पार्टी के समक्ष 200 बताए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बात ऊपर तक रखेंगे।
टिकट वितरण शुरू होने के साथ ही सामने आए इस बयान ने बीकानेर भाजपा की अंदरूनी कलह को खुलकर सामने ला दिया है। अब देखना होगा कि भाजपा का प्रदेश नेतृत्व राजाराम बिश्नोई द्वारा लगाए गए इन आरोपों पर क्या रुख अपनाता है और टिकट वितरण की प्रक्रिया में इसका क्या असर देखने को मिलता है।


