
आपणी हथाई Bikaner न्यूज, बीकानेर नगर निगम में उप महापौर चुनाव के नतीजे के बाद से कांग्रेस के भीतर असंतोष और बगावती सुर तेज होते नजर आ रहे हैं। उप महापौर चुनाव में पार्टी प्रत्याशी की हार के बाद कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच आज अल्पसंख्यक समाज की एक बैठक आयोजित की गई।बैठक में उप महापौर चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग को लेकर नाराजगी जताई गई। समाज के लोगों ने चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में अपेक्षित मतदान नहीं होने पर चर्चा करते हुए संबंधित पार्षदों और दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

अल्पसंख्यक समाज की बैठक के बाद समाज का एक शिष्टमंडल पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला से मिलने पहुंचा। शिष्टमंडल ने उप महापौर चुनाव के घटनाक्रम से उन्हें अवगत करवाते हुए क्रॉस वोटिंग करने वाले पार्षदों और दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ संगठन स्तर पर कार्रवाई की मांग रखी।समाज के प्रतिनिधियों का कहना था कि यदि पार्टी के भीतर अनुशासनहीनता और क्रॉस वोटिंग के मामलों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो समाज की ओर से आगे की रणनीति तय की जाएगी।
पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने समाज के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान कहा कि अल्पसंख्यक समाज के शिष्टमंडल के साथ इस पूरे मामले को पार्टी आलाकमान के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।डॉ. कल्ला के इस बयान के बाद अब निगाहें पार्टी संगठन और आलाकमान की ओर हैं कि उप महापौर चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोपों को लेकर क्या कदम उठाया जाता है।
आज आयोजित बैठक के दौरान अल्पसंख्यक समाज के अनेक लोग मौजूद रहे। समाज की ओर से स्पष्ट किया गया कि चुनावी घटनाक्रम को लेकर उनकी नाराजगी गंभीर है और कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आगामी रणनीति पर सामूहिक रूप से निर्णय लिया जाएगा।
बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस को बहुमत मिलने के बावजूद उप महापौर चुनाव में पार्टी प्रत्याशी की हार ने पार्टी के अंदर चल रही खींचतान को एक बार फिर सामने ला दिया है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या इससे कांग्रेस के भीतर चल रहा विवाद थमता है या आने वाले दिनों में यह और बढ़ता है।


