Homeखटाखट स्टोरीBikaner: शहर में कहां लगेंगी रेहड़ियां, कहां होगी पाबंदी? वेंडिंग जोन निर्धारण...

Bikaner: शहर में कहां लगेंगी रेहड़ियां, कहां होगी पाबंदी? वेंडिंग जोन निर्धारण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग

आपणी हथाई Bikaner न्यूज, बीकानेर में वेंडिंग एवं नो-वेंडिंग जोन निर्धारण की प्रक्रिया शुरू करवाने हेतु नगर निगम आयुक्त को पत्र सौंपा गया है। बीकानेर शहर में सड़क विक्रेताओं की आजीविका के संरक्षण एवं व्यवस्थित वेंडिंग व्यवस्था स्थापित करने के उद्देश्य से मघा फाउंडेशन के नगर निगम आयुक्त, बीकानेर को पत्र सौंपकर स्ट्रीट वेंडर्स (आजीविका संरक्षण एवं पथ विक्रय विनियमन) अधिनियम, 2014 तथा राजस्थान स्ट्रीट वेंडर्स नियम, 2016 के प्रभावी क्रियान्वयन का आग्रह किया।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि शहर में वेंडिंग एवं नो-वेंडिंग जोन के निर्धारण की दिशा में सबसे पहला और आधारभूत कदम टाउन वेंडिंग कमेटी (TVC) का गठन एवं समस्त सड़क विक्रेताओं का विधिवत सर्वेक्षण है। इस प्रारंभिक प्रक्रिया के बिना विक्रेताओं की वास्तविक संख्या, उनके वर्तमान व्यवसाय स्थलों एवं आवश्यकताओं का आकलन संभव नहीं है।

लक्ष्मण मोदी ने आग्रह किया है कि सर्वप्रथम टाउन वेंडिंग कमेटी का नियमानुसार गठन करवाया जाए तथा उसमें सड़क विक्रेताओं के प्रतिनिधियों का निर्वाचन सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद बीकानेर शहर के सभी सड़क विक्रेताओं का पारदर्शी एवं व्यापक सर्वेक्षण करवाकर पात्र विक्रेताओं को नियमानुसार विक्रय प्रमाण-पत्र जारी किए जाएं।

उन्होंने यह भी आग्रह किया है कि सर्वेक्षण एवं कमेटी गठन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिनियम एवं नियमों के अनुरूप वेंडिंग एवं नो-वेंडिंग जोन निर्धारण की कार्यवाही आगे बढ़ाई जाए तथा इसके लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की जाए।

लक्ष्मण मोदी ने कहा कि सड़क विक्रेताओं की आजीविका के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ शहर की यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं एवं आम नागरिकों के आवागमन के बीच संतुलन स्थापित करना आवश्यक है। उद्देश्य किसी के रोजगार को प्रभावित करना नहीं, बल्कि कानून के अनुरूप व्यवस्थित वेंडिंग व्यवस्था विकसित करना है।

इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल, राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री सुमित गोदारा, जिला कलेक्टर बीकानेर, बीकानेर पूर्व विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास, महापौर श्री अनिल कल्ला तथा नगर निगम आयुक्त को भी प्रेषित की गई है।



ताजा खबर