Homeक्राइमBikaner Fake Currency : बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में नकली नोटों की फैक्ट्री...

Bikaner Fake Currency : बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में नकली नोटों की फैक्ट्री ! होमगार्ड जवान सहित 4 गिरफ्तार : पढ़ें पूरी खबर

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने नकली करेंसी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 500-500 रुपये के कुल 156 नकली नोट बरामद किए हैं। साथ ही नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल हो रहे दो प्रिंटर, एक कट्टर मशीन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।

थानाधिकारी कश्यप सिंह के अनुसार, सब इंस्पेक्टर पवन कुमार शर्मा की टीम ने बीकानेर नेशनल हाईवे 11 पर हेमासर फांटे के पास स्थित सांवरिया सेठ होटल में दबिश देकर इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल परिसर में नकली नोट तैयार किए जा रहे हैं, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमासर निवासी श्याम मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ निवासी आशीष ब्राह्मण, पुदलसर निवासी जितेंद्र सिंह तथा इनपालसर बड़ा निवासी नारायण शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जितेंद्र सिंह होमगार्ड जवान के रूप में कार्यरत है। वहीं जिस सांवरिया सेठ होटल में यह अवैध गतिविधि संचालित हो रही थी, उसे आरोपी आशीष ब्राह्मण द्वारा चलाया जा रहा था।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गिरोह नकली नोट तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी में था। मामले में कोटगेट पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि अनुसंधान आगे बढ़ने पर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है।

यह कार्रवाई सीओ निकेत पारीक के सुपरविजन तथा एसएचओ कश्यप सिंह के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में एसआई पवन कुमार शर्मा के साथ कांस्टेबल पुनीत कुमार की विशेष भूमिका रही। टीम में कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, कैलाश और अशोक भी शामिल रहे।

 



ताजा खबर