Homeखटाखट स्टोरीBikaner : महिलाओं से कथित दुर्व्यवहार पर भड़के भाजपा नेता, ट्रांसफार्मर के...

Bikaner : महिलाओं से कथित दुर्व्यवहार पर भड़के भाजपा नेता, ट्रांसफार्मर के गड्ढे में बैठकर दी जीवित समाधि की चेतावनी,देखें पूरा वीडियो

आपणी हथाई न्यूज,बीकानेर की इंदिरा कॉलोनी में ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा हो गया। ओवरलोड ट्रांसफार्मर और लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति से परेशान कॉलोनीवासियों का गुस्सा उस समय और बढ़ गया, जब बीकेईएसएल कंपनी की टीम पुलिस जाब्ते के साथ मुख्य चौराहे पर नया ट्रांसफार्मर लगाने पहुंची। महिलाओं ने चौराहे के बीचों-बीच ट्रांसफार्मर लगाने का विरोध किया और इसे किनारे लगाने की मांग रखी।

 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि विरोध के दौरान पुलिसकर्मियों और महिला कांस्टेबलों ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा उन्हें जबरन हटाने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से बातचीत कर ट्रांसफार्मर को सहमति से दूसरी जगह लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासी स्वयं बिजली समस्या के समाधान के पक्ष में हैं, लेकिन महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार कर मुख्य चौराहे पर ट्रांसफार्मर लगाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जब अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच सहमति नहीं बन सकी तो डॉ. मेड़तिया ट्रांसफार्मर के लिए खोदे गए गड्ढे में उतर गए और वहीं बैठकर जीवित समाधि लेने की चेतावनी दे दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उन्होंने अपने ऊपर मिट्टी डलवानी भी शुरू कर दी, जिससे मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद अधिकारियों ने तुरंत वार्ता शुरू की, हालांकि मेड़तिया ने साफ कहा कि बातचीत गड्ढे के अंदर ही होगी।

काफी देर चली समझाइश और मोहल्लेवासियों की सहमति के बाद आखिरकार बीकेईएसएल अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर को मुख्य चौराहे के बजाय किनारे लगाने का निर्णय लिया। इसके बाद डॉ. मेड़तिया गड्ढे से बाहर आए और चेतावनी दी कि भविष्य में महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत जनसुनवाई में जिला कलेक्टर से कर कार्रवाई की मांग भी की।

मौके पर रेखलाल पंवार, रामदेव पंवार, भंवर बारूपाल, गणेश चौहान, मूलजी चौहान, बनवारी चौधरी, कनीराम मेघवाल, नागेश महाराज, शारदा देवी, कांता देवी, मोहिनी देवी और रेखा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 



ताजा खबर