

आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का डूंगरगढ़ क्षेत्र के आड़सर गांव में प्रस्तावित दौरा कल मंगलवार को आयोजित होगा। मुख्यमंत्री यहां आयोजित होने वाले “ग्रामीण रथ समृद्ध किसान, खुशहाल राजस्थान” कार्यक्रम में भाग लेकर विभिन्न वर्गों से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर आज भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, डूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, हेलिपैड एवं अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, आगमन, बैठक व्यवस्था, संवाद मंच, रात्रि विश्राम एवं भोजन व्यवस्था सहित सभी तैयारियों की जानकारी ली गई।
जिला अध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि मुख्यमंत्री सांय करीब 5 बजे हेलिपैड पर पहुंचेंगे, जिसके बाद आड़सर गांव में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम लो-प्रोफाइल एवं जनसंवाद आधारित रहेगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का पहला संवाद राजीविका सखियों से होगा, इसके पश्चात वे कृषकों से संवाद कर कृषि, सिंचाई, उत्पादन एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री बुजुर्गों, वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं अपेक्षाएं जानेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बूथ अध्यक्ष के निवास पर भोजन का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है तथा रात्रि विश्राम भी आड़सर गांव में ही रहेगा। इस दौरे को ग्रामीण क्षेत्र में सरकार की योजनाओं की जमीनी पहुंच तथा जनसंपर्क की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान दिलीप सिंह राजपुरोहित, महावीर चारण, पवन स्वामी एवं सुरेंद्र स्वामी सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


