HomeबीकानेरBikaner: अतिरिक्त निदेशक ने एसडीएम जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का...

Bikaner: अतिरिक्त निदेशक ने एसडीएम जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

आपणी हथाई न्यूज,चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. मनमोहन मित्तल द्वारा आज एसडीएम जिला अस्पताल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ सुनील हर्ष के द्वारा अस्पताल मे हीटवेव प्रबंधन, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, मौसमी बीमारियों के मरीजों के प्रबंधन एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के संचालन के बारे में अवगत करवाया गया।

अतिरिक्त निदेशक ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, वार्ड व्यवस्था, ऑपरेशन थियेटर, दवा वितरण काउंटर, पंजीकरण काउंटर, लैब एवं एक्स-रे सुविधाओं का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उपचार संबंधी जानकारी भी प्राप्त की।

भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने अस्पताल में मरीजों एवं परिजनों के लिए पंखे, कूलर एवं एसी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा हीटवेव प्रबंधन को लेकर उपस्थित स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों को समय पर उपचार, दवाइयों की उपलब्धता एवं आवश्यक जांच सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने, प्रतीक्षालय में पर्याप्त बैठने की व्यवस्था करने तथा स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने रक्त संग्रहण यूनिट का निरीक्षण करते हुए प्रभारी से विस्तृत जानकारी ली तथा ब्लड ट्रांसफ्यूजन से संबंधित सभी आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त निदेशक ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए अस्पताल प्रशासन को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार करना होगा। उन्होंने भीड़ प्रबंधन के लिए अस्पताल प्रशासन द्वारा किए गए नवाचारों की सराहना की।

इस अवसर पर जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने अस्पताल में भामाशाहों एवं दानदाताओं द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों तथा मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं की प्रगति से अवगत कराया।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. घनश्याम तंवर, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. लोकेश गुप्ता, नर्सिंग अधीक्षक सुरभि सक्सेना, नर्सिंग सुपरवाइजर संगीता सिन्हा, महेंद्र जायसवाल, नर्सिंग अधिकारी शिव प्रजापत सहित अन्य चिकित्सक एवं स्टाफ उपस्थित रहे।



ताजा खबर