Rajasthan Weather: राजस्थान में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं अब यह बारिश आफत बनती जा रही है। शनिवार को जोधपुर के बालेसर में सबसे ज्यादा 175 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
तेज बारिश के कारण राज्यभर में जनहानि, बांधों के टूटने और फसलें बर्बाद होने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। वर्षा जनित हादसों में शनिवार को अलग-अलग जगहों पर सात लोगों की मौत हो गई। इन्हें मिलाकर अब तक इस सीजन में बारिश से हुए हादसों में 30 से अधिक मौतें हो चुकी हैं।
राजस्थान में आज ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, बाड़मेर और जैसलमेर में बारिश की संभावना है। शनिवार को राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश ने तबाही मचा दी। जोधपुर के शेरगढ़ क्षेत्र में लगभग 40 साल पुराना बांध बारिश के चलते टूट गया।
तेज बहाव के कारण बांध का पानी करीब 10 किलोमीटर तक खेतों और ढाणियों में फैल गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ढाणियों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इसी दिन बालेसर नगर पालिका क्षेत्र के अमृतनगर में भी 20 साल पुराना बांध टूट गया, जिससे स्थानीय इलाकों में जलभराव और नुकसान की खबरें आईं।
जैसलमेर, पाली, बूंदी, टोंक समेत कई जिलों में भी तेज बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। पोकरण और नाचना में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई, वहीं पाली जिले में भी पानी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में राजस्थान में औसत से 108 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है। Rajasthan Weather


