Bikaner आपणी हथाई न्यूज,भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के जयपुर मंडल की ओर से सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत पीबीएम अस्पताल के मूंधड़ा मेडिसिन विंग को करीब 71 लाख रुपए की लागत के अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण भेंट किए गए हैं। इनमें अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन, डिजिटल एक्स-रे मशीन और पोर्टेबल एक्स-रे मशीन शामिल हैं। इन उपकरणों का लोकार्पण 14 सितंबर 2026 को एसबीआई जयपुर मंडल के मुख्य महाप्रबंधक श्री ओंकार नाथ चौधरी ने पीबीएम अस्पताल की सीएम मूंदड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा नवनिर्मित मेडिसिन विंग में किया।
कार्यक्रम के दौरान सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने एसबीआई प्रबंधन का आभार जताते हुए कहा कि इन अत्याधुनिक उपकरणों के शुरू होने से अस्पताल में आने वाले मरीजों की जांच और गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधा में सुधार होगा। अल्ट्रासोनोग्राफी, डिजिटल एक्स-रे और पोर्टेबल एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को जांच के लिए अन्य विभागों में भेजने की आवश्यकता भी कम होगी।
पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बी.सी. घिया ने भी बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित मेडिसिन विंग को शुरू करने में एसबीआई द्वारा उपलब्ध करवाए गए उपकरणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक श्री ओंकार नाथ चौधरी ने कहा कि बैंक सीएसआर के माध्यम से चिकित्सा, सामाजिक सेवा, शिक्षा और साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सहयोग करता रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में बैंक की ओर से भविष्य में भी सहयोग जारी रखा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से मुख्य महाप्रबंधक को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं सीएम मूंदड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से भी उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में बीकानेर अंचल के उपमहाप्रबंधक श्री सौम्य रंजन साहू, क्षेत्रीय प्रबंधक श्री सुजीत कुमार सुमन, श्री अभिषेक माथुर, अस्पताल मार्ग शाखा के मुख्य प्रबंधक श्री सुरेश शर्मा, मुख्य प्रबंधक मानव संसाधन श्री प्रदीप वर्मा, लाइजन अधिकारी श्री कर्णपाल सिंह भाटी, श्री वाई. के. योगी, सीएम मूंदड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं बीकानेर उद्योग संघ के प्रमुख श्री द्वारका प्रसाद पचीसिया तथा रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. रिद्धिमा गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


