Bikaner आपणी हथाई न्यूज, गुरुवार की शाम बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में उरमूल डेयरी की सजगता और प्रशासनिक तत्परता ने नकली सरस घी के बड़े खेल को उजागर कर दिया है। बीकानेर की उरमूल डेयरी टीम ने एक स्टिंग किया जिससे पूरा मामला हाथोहाथ ही उजागर हो गया।
सीएमएचओ विभाग से मिली जानकारी के अनुसार डेयरी और प्रशासन ने एक बोगस ग्राहक को संदिग्ध दुकान पर भेजा और सरस का 15 किलो घी का टिन दुकानदार से मांगा और उसके पैसे ऑनलाइन भुगतान कर दिए। लेनदेन पूरा होने के बाद उरमूल डेयरी और सीएमएचओ की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान जांच में पता चला कि टिन पर छपी निर्माण तिथि और बैच नंबर पैकिंग गत्ते पर लिखे विवरण से बिल्कुल भी मेल नहीं खा रहे हैं। इसके अलावा बार कोड आदि चीजों की गड़बड़ियां सामने आई। वहीं कुछ टिन पर अलग-अलग जिलों की सरस डेयरी की मार्किंग भी थी। जिससे स्पष्ट हो गया की पैकिंग और ब्रांडिंग छेड़छाड़ की गई है।
टीम ने जब दुकानदार दीनदयाल राठी से पूछताछ की तो उसने गोदाम का सही पता बताने में टालमटोल शुरू कर दी। हालांकि कुछ अधिकारी गोदाम पहुंचे भी लेकिन वहां कुछ नही मिल पाया।
आपकों बता दे कि दुकान का नाम बद्रीलाल श्याम सुंदर राठी बताया गया है जो डूंगरगढ़ की अमर पट्टी में स्थित है। इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम डूंगरगढ़ पुलिस थाने पहुंची लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज करने से यह कहकर इंकार कर दिया कि ऐसे मामलों की रिपोर्ट जयपुर स्तर पर दर्ज की जाती है । फिलहाल सीएमएचओ की टीम ने घी का 15 किलों का टिन और एक एक किलो पेकिंग के 3 4 डिब्बे जब्त कर जांच के लिए लैब में भेज दिए हैं।
हालांकि इसके पीछे कौन लोग है जो इस तरीके के व्यापार को अंजाम दे रहे है इसका पता नही चल पाया। सीएमएचओ की टीम में भानुप्रकाश गहलोत, सुरेंद्र और राकेश गोदारा शामिल रहे।


