

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मन मंदिर के पास कांता खतुरिया कॉलोनी निवासी पनूम सिंह सोढा पुत्र भोजराज सिंह ने मुक्ताप्रसाद थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि 5 मई की रात सेक्टर नंबर 11 स्थित एमपी नगर क्षेत्र में उनके मकान को चोरों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने पहले मकान का ताला तोड़ा और फिर अंदर रखी अलमारी का लॉक तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया।
रिपोर्ट के मुताबिक चोर करीब 100 तोला चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में पैरों के कड़े, पायल, बिछिया और चांदी के सिक्के शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखे 25 हजार रुपए नकद भी बदमाश अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई रतनाराम को सौंपी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।


