Homeखटाखट स्टोरीस्पोर्ट्स : वैभव सूर्यवंशी के साथ राजस्थान के 'जय मूंधड़ा' भी करेंगें...

स्पोर्ट्स : वैभव सूर्यवंशी के साथ राजस्थान के ‘जय मूंधड़ा’ भी करेंगें डेब्यू, कौन है जय मूंधड़ा जो आयरलैंड से खेलेंगे ? : पढें पूरी खबर

आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान के टोंक जिले के युवा क्रिकेटर जय मूंधड़ा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जय का चयन भारत के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए आयरलैंड की 14 सदस्यीय क्रिकेट टीम में किया गया है। इस चयन के साथ ही टोंक ही नहीं बल्कि पूरे राजस्थान में खुशी की लहर दौड़ गई है। यदि जय को भारत के खिलाफ खेलने का मौका मिलता है, तो वह आयरलैंड की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले एशियाई मूल के चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे।

जय मूंधड़ा मूल रूप से टोंक के निवासी हैं और वर्ष 2021 में एम.टेक की पढ़ाई के लिए स्टूडेंट वीजा पर आयरलैंड गए थे। पढ़ाई के साथ उन्होंने वहां नौकरी भी की और क्रिकेट में अपनी प्रतिभा को लगातार निखारते रहे। उनकी मेहनत रंग लाई और वर्ष 2025 में उन्हें आयरलैंड की नागरिकता प्राप्त हुई। लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाज जय अपनी आक्रामक गेंदबाजी और उपयोगी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, जिसके दम पर उन्होंने राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई है।

जय के चयन से उनका परिवार बेहद भावुक और गर्व महसूस कर रहा है। उनकी मां ने कहा कि बेटे ने परिवार का सपना पूरा कर दिया है। वहीं उनके दिवंगत पिता गिरिराज मूंधड़ा का सपना भी अब साकार होता नजर आ रहा है। परिवार के अनुसार जय ने बचपन से ही क्रिकेट को अपना लक्ष्य बना लिया था और उसी दिशा में लगातार मेहनत की।

जय की छोटी बहन मानसी मूंधड़ा ने बताया कि भाई के चयन की खबर मिलते ही पूरा परिवार खुशी से झूम उठा। उन्होंने याद करते हुए कहा कि बचपन में जय काफी शरारती थे और दोनों भाई-बहन ने साथ में कई यादगार पल बिताए हैं। विदेश में रहने के कारण उनकी कमी महसूस होती है, लेकिन आज उनकी सफलता पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय बन गई है।

जय के ताऊ कन्हैयालाल मूंधड़ा ने बताया कि परिवार में पहले कोई भी पेशेवर क्रिकेटर नहीं रहा है। बावजूद इसके जय और उनके बेटे अजय मूंधड़ा दोनों को बचपन से क्रिकेट का जुनून था। परिवार ने उनकी रुचि और प्रतिभा को समझते हुए हर संभव सहयोग दिया। जय ने कोरोना काल से पहले बेंगलुरु में विशेष क्रिकेट प्रशिक्षण भी लिया था, जिसका उन्हें काफी लाभ मिला। आज जय आयरलैंड की ओर से क्रिकेट खेल रहे हैं, जबकि उनके चचेरे भाई अजय मूंदड़ा स्वीडन में क्रिकेट मैचों में हिस्सा लेकर परिवार और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

 



ताजा खबर