

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर जिले के गजनेर क्षेत्र में शराब पार्टी के बाद नहर में नहाने उतरे युवक की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्त के साथ मंदिर दर्शन कर लौट रहा था। गर्मी से राहत पाने के लिए उसने नहर में उतरने का फैसला किया, लेकिन अत्यधिक नशे की हालत में वह पानी में संतुलन नहीं बना सका और गहरे पानी में डूब गया।
पुलिस के मुताबिक मृतक जांगलू निवासी केशराम पुत्र श्रीराम मेघवाल अपने मित्र नागौर निवासी लेखराम मेघवाल के साथ कोडमदेसर मंदिर दर्शन करने गया था। दर्शन के बाद दोनों ने शराब का सेवन किया और वापस घर लौटने लगे। रास्ते में युवक ने नहर में नहाने की इच्छा जताई और अपने दोस्त से वीडियो बनाने को कहा। पानी में उतरने के कुछ देर बाद ही वह नियंत्रण खो बैठा और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर आगे की कार्रवाई शुरू की।


