


आपणी हथाई Bikaner न्यूज,बीकानेर के होनहार छात्र हितेश सोनी ने अंग्रेजी भाषा और शब्द ज्ञान की प्रतिष्ठित WIZ International Spell Bee National Competition में पूरे भारत में 46वीं रैंक प्राप्त कर जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। WIZ International Spell Bee देशभर के विद्यार्थियों के बीच आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसका उद्देश्य छात्रों की स्पेलिंग, शब्दावली, उच्चारण और अंग्रेजी भाषा पर पकड़ को मजबूत बनाना है। हितेश बीबीएस स्कूल में पढ़ते है और तेलीवाड़ा सर्राफा बाजार स्थित एमबी ज्वेलर्स के संचालक मनमोहन सोनी के पुत्र हैं।
हितेश की इस सफलता पर उनके परिवार, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। हितेश के चाचा जगमोहन सोनी ने बताया कि हितेश ने अपनी प्रतिभा और समर्पण से यह साबित किया है कि निरंतर प्रयास और सही मार्गदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है।
हितेश की इस उपलब्धि से न केवल हितेश के परिवार और विद्यालय का गौरव बढ़ा है, बल्कि बीकानेर के अन्य विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।


