
Rajasthan आपणी हथाई न्यूज, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जयपुर की बड़ी चौपड़ पर आयोजित भाजपा के कार्यक्रम में उस समय असहज स्थिति बन गई, जब ध्वजारोहण के बाद मूल धुन में वंदे मातरम् बजने के बजाय अलग संगीत के साथ वंदे मातरम् बजाया गया।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बड़ी चौपड़ स्थित मुख्य मंच से ध्वजारोहण किया। इसके बाद कार्यक्रम में वंदे मातरम् का मूल संस्करण बजाया जाना निर्धारित था, लेकिन ध्वनि व्यवस्था के जरिए अलग संगीत के साथ वंदे मातरम् बजने लगा। कार्यक्रम में जयपुर सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुंद आचार्य सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

आयोजकों ने तत्काल गलती को सुधारने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार्यक्रम का यह हिस्सा वहां मौजूद लोगों और मीडिया के कैमरों में रिकॉर्ड हो चुका था।
घटना के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने गलती के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभालने वाली टीम की ओर से तकनीकी और मानवीय भूल हुई है। राठौड़ ने कहा कि ऐसी गलती नहीं होनी चाहिए थी और उन्होंने इसके लिए खेद व्यक्त किया।




