
पुलिस की बड़ी कार्रवाई: टॉप-10 वांछित आरोपी गिरफ्तार

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, पुलिस मुख्यालय की ओर से वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर जिले की पांचू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के टॉप-10 वांछित आरोपियों में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कैलाश पुत्र गंगाराम, जाति बिश्नोई, उम्र 33 वर्ष, निवासी धरनोक, थाना पांचू, जिला बीकानेर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, अपहरण, चोरी, अवैध हथियार, एनडीपीएस एक्ट, राजकार्य में बाधा तथा मारपीट जैसे गंभीर प्रकृति के 10 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा के निर्देशन में की गई। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चल रहे विशेष अभियान के तहत पांचू थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
मोटरसाइकिल रोककर की थी मारपीट, फायरिंग का भी आरोप
पुलिस के मुताबिक मामले की शुरुआत 9 जुलाई 2026 की घटना से हुई। परिवादी श्री गंगाबिशन बिश्नोई, निवासी धरनोक, ने 10 जुलाई 2026 को पांचू थाने में लिखित रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 9 जुलाई को वह गांव धरनोक से अपनी ढाणी की तरफ जा रहा था।
गांव से निकलने के बाद बीच रास्ते में कैलाश और उसके साथियों ने पिकअप और कैंपर वाहन को मोटरसाइकिल के आगे लगाकर रास्ता रोक दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने लाठी और सरियों से परिवादी गंगाबिशन के साथ जान से मारने की नीयत से मारपीट की। मारपीट में उसके पैरों और शरीर पर गंभीर चोटें पहुंचाने का आरोप है।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों पर फायरिंग करने का भी आरोप लगाया गया। घटना के दौरान परिवादी के साथी मोटरसाइकिल चालक के साथ भी मारपीट की गई। वारदात के बाद आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में पांचू थाना पुलिस ने प्रकरण संख्या 203/2026 दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में पुलिस को आरोपी कैलाश की तलाश थी।
एक महीने से अधिक समय से फरार था आरोपी
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार आरोपी कैलाश को पुलिस ने 14 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया। वह घटना के बाद से पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस मुख्यालय द्वारा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पांचू थाना पुलिस ने उसकी तलाश तेज की और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से ही 10 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या का प्रयास, अपहरण, चोरी, अवैध हथियार, एनडीपीएस एक्ट, राजकार्य में बाधा और मारपीट जैसे मामले शामिल हैं।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस निरीक्षक ईश्वर प्रसाद , रामनिवास सजन, संतोषनाथ , राणाराम हेड कांस्टेबल तथा धनाराम कांस्टेबल की भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता के संबंध में जानकारी जुटा रही है।




