
Bikaner आपणी हथाई न्यूज, शहर के वार्ड-24 के दशनाम गोस्वामी मोहल्ले सहित आसपास के कई इलाकों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछले करीब छह वर्षों से क्षेत्र में विकास के दावे तो किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सड़क, नाली, सीवर और स्ट्रीट लाइट जैसी जरूरी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। कई जगह बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है।

दशनाम गोस्वामी मोहल्ला सर्किल से पुलिया के ऊपर होते हुए मून गिरी गुफा की रोड तक, प्राचीन मंदिर जोगणियां माता जी के पीछे तथा पुष्पा कॉलोनी सहित वार्ड के कई हिस्सों में सड़कें बदहाल हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदा पानी जमा रहता है और पुरानी नालियां भी चोक हो चुकी हैं। सीवर लाइन नहीं होने से परेशानी और बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों की समस्याएं जानने के लिए रामेश्वर रांकावत जब वार्ड परिक्रमा पर निकले तो लोगों ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ। कुछ गलियों में गंदा पानी और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
सीवर लाइन के अभाव में कई स्थानों पर दुर्गंध की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार गली से गुजरते समय मुंह पर कपड़ा बांधकर निकलना पड़ता है। इससे लोगों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन पर भी असर पड़ रहा है।
पुलिया के ऊपर आगे की गली में लंबे समय से कचरे और मलबे के ढेर पड़े होने की शिकायत भी सामने आई। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदगी, दुर्गंध और मच्छरों की समस्या बनी रहती है। वहीं कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें खराब होने से रात के समय अंधेरा छाया रहता है।
स्योर सक्सेस क्लासेज के आगे हनुमानजी मंदिर चौक तक भी सड़क और सीवर की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जगह-जगह बने गड्ढों से आवागमन प्रभावित होता है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
वार्डवासियों का कहना है कि छह वर्षों से समस्याओं के समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र का मौका निरीक्षण कर सड़क, नाली, सीवर, सफाई और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं का जल्द समाधान करवाने की मांग की है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद उनकी समस्याओं की सुध लेने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।




