आपणी हथाई Election update, नगर निगम चुनाव को लेकर बीकानेर में सियासी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। भाजपा के संभावित प्रत्याशियों के नाम सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है। रात से ही अलग-अलग वार्डों के संभावित भाजपा प्रत्याशियों की सूचियां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रही हैं। हालांकि, वायरल हो रही इन सूचियों को लेकर अभी तक पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
बीकानेर नगर निगम में कुल 80 वार्ड हैं और टिकट को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। भाजपा ने सभी 80 वार्डों से संभावित प्रत्याशियों के आवेदन मांगे थे और पार्टी के पास बड़ी संख्या में दावेदारों के आवेदन पहुंचे हैं।
वहीं कांग्रेस में भी टिकट के लिए बड़ी संख्या में दावेदार सामने आए हैं। हालिया रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस के पास 80 वार्डों के लिए करीब 600 आवेदन पहुंचे थे।
भाजपा के संभावित उम्मीदवारों के नाम सोशल मीडिया पर आने के बाद कई वार्डों में स्थानीय स्तर पर समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। संभावित प्रत्याशियों के नाम सामने आने से जहां दावेदारों और उनके समर्थकों में उत्साह दिखाई दे रहा है, वहीं टिकट की दौड़ में शामिल अन्य दावेदारों की बेचैनी भी बढ़ गई है।
सबसे अहम बात यह है कि सोशल मीडिया पर वायरल सूचियों को फिलहाल आधिकारिक प्रत्याशी सूची नहीं माना जा सकता। अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व द्वारा किया जाएगा और अधिकृत घोषणा के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किस वार्ड से किसे टिकट दिया जाता है।
सूत्रों के अनुसार भाजपा के संभावित प्रत्याशियों के नाम सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कांग्रेस के रणनीतिकार भी वार्डवार अपनी रणनीति पर नए सिरे से मंथन कर रहे हैं। पार्टी के भीतर अब संभावित भाजपा उम्मीदवारों के मुकाबले मजबूत चेहरे उतारने, स्थानीय समीकरणों को साधने और दावेदारों में से जीत की संभावना वाले नामों को प्राथमिकता देने पर चर्चा तेज होने की बात सामने आ रही है।
कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती कई वार्डों में मौजूद दावेदारों में से एक नाम पर सहमति बनाने की है। हालिया संभावित सूची में 49 वार्डों के नाम सामने आने की बात कही गई है, जिनमें 21 वार्डों में सिंगल पैनल, 17 में दो-दो और 11 वार्डों में तीन या उससे अधिक दावेदार बताए गए हैं। हालांकि यह भी अंतिम अधिकृत टिकट सूची नहीं है।


