Rajasthan आपणी हथाई न्यूज,राजस्थान में अपराध के आंकड़ों को लेकर चिंता बढ़ाने वाली तस्वीर सामने आई है। पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, जून के मुकाबले जुलाई 2026 में प्रदेश में दर्ज आपराधिक मुकदमों में 6.03 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। जुलाई में कुल 17,893 मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि जून में यह संख्या 16,876 थी।
दुष्कर्म के मामलों में 12.2 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। जून में बालिगों से दुष्कर्म के 343 मामले दर्ज हुए थे, जो जुलाई में बढ़कर 385 हो गए। इसी तरह हत्या के मामले जून के 134 से बढ़कर जुलाई में 144 हो गए, यानी 7.46 फीसदी की वृद्धि हुई। हत्या के प्रयास के मामले भी 194 से बढ़कर 206 हो गए, जिसमें 6.18 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
नकबजनी और अपहरण के मामले भी बढ़े
आंकड़ों के अनुसार, नकबजनी के मामलों में भी 11.44 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। जून में नकबजनी के 472 मुकदमे दर्ज हुए थे, जबकि जुलाई में यह आंकड़ा 526 पहुंच गया। वहीं अपहरण के मामले 881 से बढ़कर 919 हो गए। यानी इसमें 4.31 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई। महिला अत्याचार के मामलों में भी जून की तुलना में जुलाई में 6.49 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। हालांकि पुलिस जांच में करीब 42 फीसदी मामले झूठे पाए जाने की बात सामने आई है, जिनमें जांच के बाद पुलिस ने अंतिम रिपोर्ट पेश की।
डकैती में बड़ी गिरावट, चोरी भी मामूली घटी
गंभीर अपराधों के बीच कुछ मामलों में राहत भी मिली है। जुलाई में डकैती के मामलों में 75 फीसदी की बड़ी कमी दर्ज हुई। जून में डकैती के 8 मुकदमे दर्ज हुए थे, जबकि जुलाई में यह संख्या घटकर 2 रह गई। चोरी के मामलों में भी 0.78 फीसदी की मामूली कमी आई है। जून में चोरी के 2,955 मामले दर्ज हुए थे, जबकि जुलाई में 2,932 मुकदमे सामने आए। वहीं लूट के मामले जून और जुलाई दोनों महीनों में 66-66 दर्ज हुए। कुल मिलाकर आंकड़े बताते हैं कि जुलाई में प्रदेश में कई गंभीर अपराधों का ग्राफ जून की तुलना में ऊपर गया है, जबकि डकैती और चोरी जैसी घटनाओं में मामूली राहत देखने को मिली है।


