Homeखटाखट स्टोरीRajasthan : साक्षरता के क्षेत्र में बीकानेर की बेटी ने बढ़ाया मान,...

Rajasthan : साक्षरता के क्षेत्र में बीकानेर की बेटी ने बढ़ाया मान, पूनम भास्कर को राज्य स्तरीय सम्मान

आपणी हथाई न्यूज, अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जयपुर स्थित शिक्षा संकुल में 8 सितंबर को राज्य स्तरीय साक्षरता सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत आयोजित इस समारोह में साक्षरता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रभारी, सर्वेयर तथा सीखने-सिखाने वाले कार्यकर्ताओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में बीकानेर की बेटी पूनम भास्कर को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया, जिससे बीकानेर का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ।

कार्यक्रम में विभाग के निदेशक महेन्द्र कुमार खींची एवं अतिरिक्त निदेशक नरेन्द्र कुमार जैन सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। विभाग की ओर से प्रदेश में 35 लाख लोगों को साक्षर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें अब तक विभिन्न जिलों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार करीब 29 लाख लोगों को साक्षर किया जा चुका है। जयपुर जिले ने 4 लाख के लक्ष्य में से करीब 3 लाख लोगों को साक्षर कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।

निदेशक महेन्द्र कुमार खींची ने अपने संबोधन में कहा कि साक्षरता एवं सतत शिक्षा के कार्यक्रमों को शिक्षक प्रशिक्षण और एसटीसी डिग्री पाठ्यक्रम से भी जोड़ा गया है। उन्होंने इसे भविष्य में प्रदेश की साक्षरता दर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। समारोह में जयपुर पश्चिम ब्लॉक की साक्षरता प्रभारी माया गुरावा तथा शिवाजी नगर की सर्वेयर पूनम भास्कर को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।

सम्मानित पूनम भास्कर और माया गुरावा ने साक्षरता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल शिक्षा एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को अभियान से जोड़ने का सुझाव दिया। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक योगेश एवं उपनिदेशक रविंद्र लाटा के मार्गदर्शन में हुआ। समारोह में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक संघ के विशिष्ट अतिथि रमेश पुष्करणा, साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी नवल किशोर शर्मा तथा सहायक परियोजना अधिकारी ब्रिज लता शर्मा भी उपस्थित रहे।



ताजा खबर