Homeखटाखट स्टोरीBikaner : मुंह पर कपड़ा बांधकर मंदिर में चोरी की वारदात को...

Bikaner : मुंह पर कपड़ा बांधकर मंदिर में चोरी की वारदात को दिया अंजाम, पुलिस का दावा..जल्द करेंगें खुलासा

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, जसरासर थाना क्षेत्र के धोरा बास स्थित ब्राह्मणी माता मंदिर में सोमवार दोपहर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और माता के मंदिर से तीन छत्र चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है।

मंदिर के स्वामी मालाराम के अनुसार, चोरी दोपहर करीब 1:15 बजे के बाद हुई। मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों को इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने पुजारी को सूचना दी। इसके बाद जसरासर पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

जांच के दौरान सामने आया कि दो संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। जसरासर के सार्वजनिक पुस्तकालय भवन में लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों संदिग्ध नजर आए हैं। हालांकि, दोनों ने गमछे से चेहरा ढक रखा था, जिससे फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

घर और मंदिर में पहले भी हो चुकी हैं चोरी

क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ रही है। केशु राम सुधार ने बताया कि 2 सितंबर 2026 की रात धोरा बास जसरासर निवासी रामलाल पुत्र गणेशराम सुधार के घर में भी चोरी हुई थी। चोर घर में घुसकर एक एलईडी टीवी ले गए थे। रामलाल का परिवार मुंबई में रहता है।

बताया गया कि करीब दो वर्ष पहले गुरु जंभेश्वर भगवान के मंदिर में भी दानपात्र तोड़कर बड़ी रकम चोरी की गई थी। उस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।

लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मंदिर में हुई चोरी सहित पूर्व की वारदातों का जल्द खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।



ताजा खबर