

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, खेत में चूहों को मारने के लिए जहर मिलाकर रखा गया भुजिया एक किसान के लिए जानलेवा साबित हुआ। गलती से जहरीला भुजिया खाने के बाद तबीयत बिगड़ने पर किसान को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पांच दिन तक चले उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर छा गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेरूणा थाना क्षेत्र के राजेडू गांव निवासी 48 वर्षीय रामेश्वरलाल जाट पुत्र नानकराम जाट ने अपने खेत की ढाणी में चूहों को मारने के लिए जहर मिलाकर भुजिया रखा था। 13 अक्टूबर 2026 को रामेश्वरलाल ने गलती से उसे खाने की वस्तु समझकर खा लिया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए बीकानेर लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतक के भतीजे सीताराम जाट ने इस संबंध में पुलिस को जानकारी दी। मामले में कार्रवाई करते हुए हैड कांस्टेबल विकास कुमार ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।


